बारिश और कीचड़ को मात देकर गरबा महोत्सव में झूमीं महिलाएं और बालिकाएं
भवितव्य समिति ने बी.आर. साव मैदान में किया भव्य आयोजन
मुंगेली। नवरात्रि के पावन अवसर पर भवितव्य समिति द्वारा बी.आर. साव मैदान में गरबा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। माता दुर्गा की आराधना और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत करने वाले इस आयोजन की शुरुआत दीप प्रज्वलन और आरती से हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के सदस्यों और मुख्य आयोजक करन ठाकुर ने मां दुर्गा के चरणों में दीप जलाकर किया।
गरबा की रंगीन धुनों और पारंपरिक परिधानों से पूरा मैदान जगमगा उठा। महोत्सव का मुख्य आकर्षण महिलाएं और बालिकाएं रहीं, जिन्होंने भारी वर्षा और कीचड़ को नज़रअंदाज़ कर पूरे उत्साह के साथ गरबा खेला। मैदान में जगह-जगह पानी भरने के बावजूद माहौल में भक्तिभाव और उल्लास का जादू छाया रहा।

आयोजन में प्रमुख रूप से श्रीराम प्रॉपर्टीज़ के डायरेक्टर रिशु सिंह, बाबू सिंह और स्वप्निल सिंह उपस्थित रहे। वहीं आयोजन को सफल बनाने में समिति के सक्रिय सदस्य करण ठाकुर, अविरल सिंह श्रीनेत, ऋतुराज सिंह, वासु राजपूत, अंशु सिंह, जयचंद सिंह, व्यास सिंह, प्रद्युम सिंह, वासु पांडे, मुकेश वैष्णव, योगेश मिश्रा और अमन सिंह सहित कई युवाओं का विशेष योगदान रहा। सभी ने न केवल आयोजन को संपन्न बनाया, बल्कि मैदान की व्यवस्थाओं पर भी व्यक्तिगत रूप से नज़र रखी।
शाम तक मैदान में कीचड़ और पानी भर जाने से एक समय लगा कि कार्यक्रम रद्द करना पड़ेगा, लेकिन समिति के सदस्यों की मेहनत और जज़्बे ने असंभव को संभव कर दिखाया। उन्होंने मैदान को साफ कराया और सुरक्षा इंतज़ाम सुनिश्चित किए। जैसे ही ढोल-नगाड़े और संगीत की धुनें गूंजीं, महिलाएं और बच्चियां रंग-बिरंगे परिधानों में मैदान में उतर आईं। कीचड़ भरी ज़मीन पर भी उनका उत्साह देखते ही बनता था।
सांस्कृतिक धरोहर को मिला संबल
गरबा महोत्सव केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक उत्सव का प्रतीक भी है। आयोजक करन ठाकुर ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में एकता और परंपराओं के प्रति आस्था को मज़बूत करना है। नवरात्रि केवल उपवास और पूजा का पर्व नहीं, बल्कि नौ दिनों तक ऊर्जा, सकारात्मकता और देवी शक्ति की आराधना का समय है। यही संदेश गरबा महोत्सव ने लोगों तक पहुँचाया।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
