October 19, 2026

पुलिस परिवार का महासम्मेलन : 5 अक्टूबर को दुर्ग में जुटेंगे 30,000 लोग

0
IMG-20250926-WA0490.jpg

दुर्ग । छत्तीसगढ़ में पहली बार पुलिस परिवार का भव्य महासम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। संयुक्त पुलिस कर्मचारी एवं परिवार कल्याण संघ के अध्यक्ष उज्जवल दीवान ने जानकारी दी कि यह सम्मेलन 5 अक्टूबर 2025 को विवेकानंद भवन, केंद्रीय जेल के पास दुर्ग में आयोजित किया जाएगा।

इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 30,000 पुलिस परिवारजन शामिल होंगे। इसमें जिला बल, सशस्त्र बल, डीएसएफ, सहायक आरक्षक, नगरसेना और जेल विभाग के कर्मचारी परिवार भी बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे।

महासम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, गृहमंत्री विजय शर्मा, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधानसभा अध्यक्ष, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज समेत कई मंत्री, विधायक और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी आमंत्रित किए गए हैं।

उज्जवल दीवान स्वयं सभी जिलों में जाकर नेताओं और अधिकारियों को आमंत्रण दे रहे हैं। बताया गया कि शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को सबसे पहले आमंत्रण पत्र सौंपा गया।

इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पुलिस परिवारों के बीच आपसी संवाद और एकता को मजबूत करना है। कार्यक्रम में पुलिस के बेहतर कार्य, भविष्य में मिलने वाली योजनाओं और संगठन की कार्ययोजना पर चर्चा होगी। विशेष बात यह है कि इस मंच पर किसी प्रकार की मांग पत्र प्रस्तुत नहीं किया जाएगा।

हालांकि सूत्रों का कहना है कि वर्तमान में पुलिस बल से जुड़ी 60 से अधिक मांगें, नगर सेना की लगभग 10 मांगें और जेल विभाग की भी 10 मांगें शासन के पास लंबित हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि सम्मेलन में नेताओं और अधिकारियों की उपस्थिति से पुलिस परिवार की इन मांगों पर कोई ठोस निर्णय निकलता है या नहीं।

यह महासम्मेलन न केवल पुलिस परिवार की एकता का प्रदर्शन होगा, बल्कि आने वाले समय में पुलिस कर्मचारियों और उनके परिजनों की भलाई के लिए नई संभावनाओं का रास्ता भी खोल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed