मुंगेली के लालाकापा एवं बघर्रा में बाढ़ आपदा मॉकड्रिल का हुआ आयोजन
आपदा राहत बचाव का हुआ सफल अभ्यास, आपदा से निपटने तैयारियों की हुई
एसडीआरएफ सहित विभागों ने दिखाया आपदा प्रबंधन कौशल
जिले में बाढ़ आपदा की संभावित स्थिति से निपटने की तैयारी और आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मार्गदर्शन में आज मुंगेली जिले के लालाकापा एवं लोरमी के बघर्रा में मॉक ड्रिल एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। इस मॉक ड्रिल में राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, एसडीआरएफ, नगर पालिका, पंचायत, पशुपालन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
मॉक ड्रिल अभ्यास के दौरान भारी वर्षा और बाढ़ की काल्पनिक स्थिति निर्मित की गई, जिसमें गांव के जलमग्न होने, तालाब से लोगों को राहत-बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया। एनडीआरएफ व बचाव दल ने नाव और अन्य संसाधनों का उपयोग करते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने राहत शिविरों में प्राथमिक उपचार व चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था का अभ्यास किया। इस मौके पर एडीएम श्रीमती निष्ठा पांडे तिवारी ने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा की वास्तविक स्थिति आने पर त्वरित और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इससे विभागीय अधिकारियों और फील्ड स्टाफ को आपदा प्रबंधन के व्यवहारिक अनुभव प्राप्त होते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी विभागों की गतिविधियों की समीक्षा कर आवश्यक सुधार बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, डिप्टी कलेक्टर श्री मायानंद चंद्रा, सीएमएचओ डॉ. शीला साहा सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
