प्रभतेज भाटिया बनेंगे BCCI के ज्वाइंट सेक्रेटरी, 28 सितम्बर को होगा औपचारिक ऐलान
रायपुर। भारतीय क्रिकेट प्रशासन में छत्तीसगढ़ एक और गौरवपूर्ण क्षण की प्रतीक्षा कर रहा है। प्रदेश के प्रभतेज भाटिया, जिन्होंने बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) में पहले कोषाध्यक्ष बनकर इतिहास रचा था, अब लगभग तय है कि ज्वाइंट सेक्रेटरी की अहम जिम्मेदारी संभालेंगे। इसका औपचारिक ऐलान 28 सितम्बर को होगा, जब बोर्ड की नई कार्यकारिणी घोषित की जाएगी।
यदि यह पदभार औपचारिक रूप से उन्हें सौंपा जाता है तो भाटिया छत्तीसगढ़ से पहले ऐसे व्यक्ति होंगे, जिन्होंने बीसीसीआई के दो शीर्ष पदों पर कार्य किया होगा। ज्वाइंट सेक्रेटरी का दायित्व बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि अंडर-19 टीम और भारतीय महिला क्रिकेट टीमों के चयन की प्रक्रिया इसी पद के अंतर्गत आती है।
इस संभावना से पूरे प्रदेश के खेल प्रेमियों में उत्साह है। माना जा रहा है कि भाटिया के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय टीम का रास्ता और आसान होगा। बीते कुछ वर्षों में छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के नेतृत्व में टीमों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है। हाल ही में प्रदेश के दो खिलाड़ियों का चयन दिलीप ट्रॉफी के लिए हुआ और मध्य क्षेत्र ने पहली बार यह खिताब अपने नाम किया।
बीसीसीआई की नई टीम में अध्यक्ष दिल्ली के मिथुन मन्हास होंगे, उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, सचिव असम के सैकिया, कोषाध्यक्ष रघुराम भट और आईपीएल चेयरमैन के रूप में अरुण धूमल अपनी भूमिका निभाते रहेंगे। इसी नई कार्यकारिणी में भाटिया का ज्वाइंट सेक्रेटरी बनना प्रदेश की बढ़ती हैसियत को रेखांकित करता है।
रायपुर, बिलासपुर और पूरे प्रदेश के क्रिकेट जगत में यह खबर पहले ही चर्चा का विषय बन चुकी है। अब सभी निगाहें 28 सितम्बर पर टिकी हैं, जब यह ऐलान प्रदेश क्रिकेट के लिए एक नई पहचान और गौरव का प्रतीक बन सकता है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
