October 19, 2026

‘‘छत्तीसगढ़: कल, आज और कल’’ राष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू बोले – 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प

0
IMG-20250918-WA1560.jpg

बिलासपुर । पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय, बिलासपुर में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी ‘‘छत्तीसगढ़: कल, आज और कल’’ का समापन समारोह गुरुवार को सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के बाद अनेक चुनौतियां सामने आईं, लेकिन आज यह राज्य निरंतर प्रगति की राह पर अग्रसर है और उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

श्री साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सपने का साकार रूप है। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य तेजी से विकास कर रहा है और ‘‘नया छत्तीसगढ़’’ गढ़ने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है।

उन्होंने याद दिलाया कि डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में प्रदेश की सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को राष्ट्रीय पहचान मिली। ‘‘₹1 किलो चावल योजना’’ ने भूख और कुपोषण की समस्या को काफी हद तक दूर किया और पूरे देश में ‘‘छत्तीसगढ़ मॉडल’’ के रूप में सराहा गया।

वर्तमान संदर्भ में श्री साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में ‘‘जनभागीदारी और सुशासन’’ के माध्यम से राज्य नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ की रजत जयंती को ‘‘विकसित छत्तीसगढ़’’ की दिशा में एक निर्णायक मोड़ बनाया जा रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी की योजनाओं – जैसे आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रेलवे विद्युतीकरण, हवाई अड्डों का निर्माण, स्कूल और विश्वविद्यालयों की स्थापना तथा महिलाओं के सशक्तिकरण – ने छत्तीसगढ़ की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने इसे ‘‘प्रगति का मॉडल राज्य’’ बताते हुए कहा कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय विकास यात्रा का एक अहम हिस्सा बनेगा।

हालांकि श्री साहू ने सामाजिक चुनौतियों का उल्लेख करते हुए नशाखोरी और गौवंश संरक्षण पर चिंता भी जताई। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं से निपटने के लिए समाज, सरकार और विश्वविद्यालयों को मिलकर काम करना होगा।

अपने उद्बोधन के अंत में केंद्रीय राज्य मंत्री ने आह्वान किया कि ‘‘राज्य की रजत जयंती पर हमें संकल्प लेना चाहिए कि वर्ष 2047 तक हम सब मिलकर एक विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करेंगे।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed