रायगढ़ प्रेस क्लब भवन निर्माण का मार्ग प्रशस्त : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने भू-आबंटन दस्तावेज सौंपा, पत्रकारों में हर्ष
रायगढ़। रायगढ़ जिला मुख्यालय में लंबे समय से लंबित प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग आखिरकार पूरी होने की दिशा में निर्णायक कदम उठ गया है। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी की पहल और संवेदनशीलता के चलते प्रेस क्लब रायगढ़ को भूखंड आबंटन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गई है। आबंटित भूखंड की विधिवत रजिस्ट्री भी पूरी हो चुकी है और उसका दस्तावेज मंत्री श्री चौधरी ने स्वयं प्रेस क्लब अध्यक्ष हेमंत थवाईत और सचिव नवीन शर्मा को सौंपा। इस अवसर पर प्रेस क्लब प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री चौधरी को कृतज्ञता पत्र भेंट कर आभार व्यक्त किया।
⸻
पत्रकारों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
पूर्ण सुविधा युक्त प्रेस क्लब भवन की मांग रायगढ़ के पत्रकार लंबे अर्से से करते आ रहे थे। नई कार्यकारिणी गठित होने के बाद अध्यक्ष हेमंत थवाईत के नेतृत्व में प्रस्ताव पारित कर शासन से भूमि आबंटन की मांग की गई। सचिव नवीन शर्मा और कोषाध्यक्ष पुनीराम रजक ने दस्तावेज़ी प्रक्रिया में लगातार समय और मेहनत लगाई, जिसके कारण विभागीय अड़चनें शीघ्र दूर हो गईं।
⸻
अध्यक्ष–सचिव की विशेष पहल
प्रेस क्लब भवन के लिए आवश्यक निर्धारित राशि जमा कराने किसी तरह का चंदा नहीं लिया गया। बल्कि अध्यक्ष हेमंत थवाईत और सचिव नवीन शर्मा ने अपनी ओर से तीन-तीन लाख रुपए क्लब को दिए। इस पहल ने न केवल भूखंड का पट्टा जारी कराने की प्रक्रिया पूरी कराई, बल्कि प्रेस क्लब के भीतर एक सकारात्मक उदाहरण भी स्थापित किया।
⸻
भवन निर्माण के लिए वित्तीय सहयोग
मुख्यमंत्री की ओर से पहले ही 20 लाख रुपए की घोषणा की जा चुकी थी। वहीं धन्यवाद ज्ञापन के दौरान वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने भी विधायक निधि से 30 लाख रुपए देने की घोषणा कर पत्रकारों का उत्साह और बढ़ा दिया। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण हेतु आवश्यकता पड़ने पर आर्किटेक्ट उपलब्ध कराया जाएगा और क्लब अपनी आवश्यकताओं के अनुसार भवन की डिज़ाइन तैयार कर सकता है।
⸻
पत्रकारों में हर्ष और उत्साह
भूखंड आबंटन और वित्तीय सहयोग की घोषणा के बाद रायगढ़ प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों में अपार हर्ष है। वरिष्ठ भाजपा नेता मुकेश जैन सहित कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति में यह ऐतिहासिक क्षण पत्रकारों ने मिठाई बाँटकर मनाया।
⸻
नवरात्रि पर्व पर भूमि पूजन की संभावना
आबंटित भूखंड रायगढ़ के डिग्री कॉलेज रोड पर स्थित है। प्रेस क्लब भवन निर्माण की आधारशिला रखने के लिए भूमि पूजन नवरात्रि पर्व के दौरान कराने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल तिथि घोषित नहीं हुई है, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि शुभ मुहूर्त में भवन का शिलान्यास कर दिया जाएगा।
⸻
वर्षों से लंबित प्रेस क्लब भवन निर्माण का सपना अब हकीकत में बदलने जा रहा है। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी की त्वरित पहल और प्रेस क्लब पदाधिकारियों की प्रतिबद्धता ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को संभव बनाया है। आने वाले समय में रायगढ़ को एक पूर्ण सुविधा युक्त प्रेस क्लब भवन मिलेगा, जो पत्रकारिता की गरिमा और पहचान को नई ऊँचाई देगा।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
