मुंगेली पुलिस को मिली बड़ी सफलता नकली शराब बनाने वाले अंतरराष्ट्रीय माफिया ओं को किया गिरफ़्तार लाखों की सामग्री जब्त
मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए गए अभियान “ऑपरेशन बाज” के तहत थाना फास्टरपुर क्षेत्र में नकली देशी शराब बनाने और तस्करी करने वाले 4 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से एक ट्रक, एक आल्टो कार और 35,000 बल्क लीटर शराब बनाने की स्पिरिट जब्त की गई, जिसकी कीमत लगभग 46 लाख 68 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने ट्रक टैंकर से स्पिरिट निकालकर नकली स्टीकर, होलोग्राम और शीशी के ढक्कन लगाकर अवैध देशी मदिरा का निर्माण किया था। इन्हें भोपाल से बिलासपुर ले जाया जा रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम दायों के पास ट्रक और कार को दबोचा, जिनके कब्जे से भारी मात्रा में स्पिरिट, नकली लेबल, होलोग्राम, ढक्कन, फर्जी दस्तावेज और अवैध माल जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं रामगोपाल यादव (राजगढ़), मलखान सिंग (हमीरपुर), महेन्द्र अनुरागी (महोबा) और भगवत सिंह बुंदेला (छतरपुर)। पूर्व रिकॉर्ड जांच में पाया गया कि भगवत सिंह बुंदेला और महेन्द्र अनुरागी के खिलाफ पहले भी आबकारी एवं अन्य अपराध दर्ज हैं।
आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)क, 34(2), 59(क) तथा ट्रेडमार्क एक्ट की धारा 103, 104 और अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।
इस बड़ी सफलता में थाना प्रभारी फास्टरपुर सहित साइबर सेल और अन्य पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई संपन्न हुई।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने इस अभियान को लगातार कड़ा करने के निर्देश दिए हैं ताकि नशे के कारोबारियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके।
मुंगेली पुलिस के अभियान से क्षेत्र में नशे की तस्करी एवं नकली शराब निर्माण पर भी अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।
यह समाचार नशा मुक्त समाज के लिए पुलिस की सक्रियता और कानून व्यवस्था को मजबूत करने का प्रमाण है। जनता से भी अपील की गई है कि वे ऐसे अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को तुरंत दें।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
