दीदी के गोठ कार्यक्रम : सफल बिहान महिलाओं की प्रेरक कहानियों का प्रसारण, 10 महिलाओं को किया गया सम्मानित
मुंगेली । महिलाओं के आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में मुंगेली जिले में आज एक उल्लेखनीय पहल देखने को मिली। जनपद पंचायत मुंगेली सभाकक्ष में विशेष रेडियो कार्यक्रम “दीदी के गोठ” का आयोजन हुआ, जिसमें बिहान योजना के तहत स्व सहायता समूह की महिलाओं की प्रेरक कहानियाँ सुनाई गईं।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों की महिलाओं को शासन की योजनाओं से जोड़ना, स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान लखपति दीदी पहल के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य कर आर्थिक सशक्तिकरण की मिसाल पेश करने वाली 10 महिलाओं को सम्मानित किया गया। इन महिलाओं ने कठिन परिस्थितियों को पार करते हुए मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर अपने परिवारों के साथ-साथ समाज के लिए भी प्रेरणा बनने का कार्य किया है।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष कांत पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि “बिहान योजना और लखपति दीदी पहल ने महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में सराहनीय काम किया है। आज महिलाएं केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा बन रही हैं।”
इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति उमाशंकर साहू, जनपद पंचायत मुंगेली सभापति खोरबहरीन साहू, जनपद पंचायत सदस्य महेंद्र यादव और राजेश अंचल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
साथ ही जनपद पंचायत सीईओ राकेश साहू, बिहान राज्य कार्यालय से एएसपीएम अधिकारी, जनपद पंचायत के कर्मचारी, स्वच्छता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
