महिला संबंधी अपराध में मुंगेली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सरपंच गिरफ्तार
मुंगेली। महिला सुरक्षा को लेकर मुंगेली पुलिस ने एक बार फिर तत्परता दिखाई है। ग्राम जगताकापा की एक महिला ने सरपंच पर छेड़खानी और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया था। इस पर पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए आरोपी सरपंच को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
घटना 30 अगस्त की शाम करीब 6 बजे की है। पीड़िता घर पर अकेली थी, तभी ग्राम सरपंच इन्दल गोंड (55 वर्ष) शराब के नशे में उसके घर में घुस आया और अश्लील हरकत करते हुए जबरन शारीरिक संबंध बनाने की मांग करने लगा। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए 31 अगस्त को थाना सिटी कोतवाली में मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 392/2025 धारा 332(ग), 74, 75(2), 76, 351(3) बी.एन.एस. के तहत केस दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी श्री मयंक तिवारी की देखरेख में जांच की गई।
जांच के दौरान पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपराध करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, उप निरीक्षक शोभा यादव, सहायक उपनिरीक्षक ईश्वर राजपूत यादव, आरक्षक मनोज टंडन, रवि श्रीवास, भागवत साहू और दुर्गेश यादव (सिटी कोतवाली मुंगेली) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
