नशे के विरुद्ध कबीरधाम पुलिस का एक और बड़ा प्रहार — 2 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद, दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 70 लाख की जप्ती
🚨🚨पिछले 8 महीनों में कबीरधाम पुलिस ने पकड़ा — सवा करोड़ रुपए से अधिक का गांजा, तस्करों में मचा हड़कंप*
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह द्वारा जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी पर पूरी तरह लगाम लगाने के दिए गए सख्त निर्देशों के पालन में कबीरधाम पुलिस लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र बघेल व श्री पंकज पटेल के मार्गदर्शन एवं डीएसपी श्री संजय ध्रुव के पर्यवेक्षण में थाना चिल्फी पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
मुखबिर की सटीक सूचना पर आईशर ट्रक क्रमांक PB 02 EJ 3009 को रोककर बारीकी से तलाशी ली गई, जिसमें एक विशेष रूप से डिजाइन किया गया अत्यंत गुप्त चैंबर मिला। यह चैंबर इतनी कुशलता से बनाया गया था कि सामान्य जांच में पकड़ा जाना लगभग असंभव था, किंतु पुलिस की सूझबूझ और उच्च कार्यक्षमता के चलते इसमें छिपाया गया 2 क्विंटल से अधिक अवैध गांजा बरामद कर लिया गया।
वाहन में सवार अंतर्राज्यीय तस्कर —
(1) ईश्वर सिंह पिता हजारीलाल सिंह, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम जाखोदा, तहसील बहादुरगढ़, जिला झज्जर (हरियाणा) एवं
(2) रामु सिंह परमार पिता रामकुमार परमार, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम दौपुरा, तहसील बसेरी, जिला धौलपुर (राजस्थान)
— को मौके पर गिरफ्तार कर NDPS एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जा रही है।
जप्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपए तथा वाहन की कीमत लगभग 20 लाख रुपए आँकी गई है। इस प्रकार कुल जप्ती लगभग 70 लाख रुपए की हुई। गांजा उड़ीसा से दिल्ली ले जाया जा रहा था।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उमाशंकर राठौर, सहायक उपनिरीक्षक, दर्शन साहू, आरक्षक जितेन्द्र चंद्रवंशी, सुनील मेरावी, पंकज यादव, अमन वाहने, मोहम्मद इरफ़ान, आंसू तिवारी, पप्पू पनागर एवं मोहित काठले की भूमिका सराहनीय रही। उनकी मेहनत और सतर्कता के कारण तस्करों का यह चालाक तरीका भी नाकाम हो गया।
अब तक कबीरधाम पुलिस की कार्रवाई —
इस वर्ष कबीरधाम पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के कुल 14 प्रकरणों में 41 आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही करते हुए लगभग सवा करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के गांजा एवं अन्य सामग्री की जप्ती की है। हाल ही में कबीरधाम पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली टैबलेट दवाइयों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई कर एक आरोपी को जेल भेजा था तथा उससे जुड़े दूसरे सप्लायर को रायपुर से गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह (IPS) ने कहा कि
“कबीरधाम जिले में नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कानून को चुनौती देने वाले तस्करों पर लगातार कठोर कार्रवाई होगी। यह चेतावनी सिर्फ तस्करों के लिए नहीं, बल्कि उन्हें संरक्षण देने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए है। पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले के युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से पूरी तरह बचाया जा सके।”
कबीरधाम पुलिस का यह सतत अभियान न केवल नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई का प्रमाण है, बल्कि उन सभी के लिए स्पष्ट चेतावनी है जो अवैध कारोबार में संलिप्त हैं — अब बच निकलना असंभव है।


The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
