जिला अस्पताल लापरवाही मामला: जांच समिति ने किया निरीक्षण, जल्द सौंपेगी रिपोर्ट
मुंगेली – जिला अस्पताल में प्रसूता के इलाज में हुई लापरवाही का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसी सिलसिले में कांग्रेस द्वारा गठित जांच समिति आज जिला अस्पताल पहुंची। समिति ने अस्पताल प्रबंधन से पूछताछ करते हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय जांच समिति का नेतृत्व नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला कर रहे हैं। उनके साथ दिलीप बंजारा एवं अभिलाष सिंह सदस्य के रूप में शामिल हैं। समिति ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर प्रसूता और उसके परिजनों से बातचीत की।
जांच समिति ने आश्वस्त किया कि वे शीघ्र ही अपनी रिपोर्ट तैयार कर जिला कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपेंगे। इस रिपोर्ट को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को भी प्रेषित किया जाएगा, ताकि प्रदेश स्तर पर मामले की गंभीरता से समीक्षा की जा सके।
गौरतलब है कि हाल ही में जिला अस्पताल में रात के समय डॉक्टर उपलब्ध न होने के कारण एक प्रसूता को कई घंटे तक दर्द सहना पड़ा और अंततः परिजनों को मजबूर होकर उसे निजी अस्पताल ले जाना पड़ा। इस घटना के बाद से अस्पताल की अव्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
