October 18, 2026

सांसद खेल महोत्सव : केंद्रीय राज्यमंत्री ने पंजीयन पोर्टल का किया शुभारंभ

0
IMG_20250830_135816_862.jpg



मुंगेली । राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में सांसद खेल महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने महोत्सव के पंजीयन पोर्टल का विधिवत शुभारंभ किया।

राज्यमंत्री ने उपस्थित खिलाड़ियों और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि शारीरिक रूप से फिट, मानसिक रूप से मजबूत और भावनात्मक रूप से संतुलित रहना ही जीवन की असली पूंजी है। उन्होंने सभी को खेल को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की शपथ दिलाई और कहा— “हम सभी फिट रहेंगे, तो देश भी फिट रहेगा।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य गांव-गांव की प्रतिभाओं को सामने लाना और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार, खेल सामग्री और कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

बिल्हा विधायक और जनप्रतिनिधियों का संदेश

बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने खेल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल में हार-जीत सामान्य बात है, किंतु भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए फिट और स्वस्थ रहना आवश्यक है।

कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ मुंगेली से होना जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने जानकारी दी कि 21 सितंबर से गांव, विकासखंड और जिला स्तर पर “फिट युवा फॉर विकसित भारत” कार्यक्रम शुरू होगा, जिसका समापन 25 दिसंबर को संसदीय क्षेत्र बिलासपुर में किया जाएगा। पंजीयन की अंतिम तिथि 20 सितंबर तय की गई है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराने और खेलों में हिस्सा लेने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने भी खेलों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और मजबूत मन के लिए खेल जरूरी हैं।

क्रिकेट से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम में विशेष आकर्षण रहा क्रिकेट मैच। केंद्रीय राज्यमंत्री साहू ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर बल्लेबाजी की शुरुआत की। इसी तरह विधायक कौशिक ने भी बल्लेबाजी में हाथ आजमाया, जबकि कलेक्टर ने बॉलिंग कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। यह मैच आगर इलेवन (मुंगेली) और मनियारी इलेवन (लोरमी) के बीच खेला गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार, जिला पंचायत सदस्य अंबालिका साहू, पूर्व सांसद लखनलाल साहू, गणमान्य नागरिक दीनानाथ केशरवानी सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और अधिकारी उपस्थित थे।

आगे के कार्यक्रम

वरिष्ठ खेल अधिकारी संजय पॉल ने जानकारी दी कि इंडोर खेल गतिविधियों के तहत 30 अगस्त को जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित होगी। वहीं 31 अगस्त को रेस्ट हाउस मुंगेली से कलेक्टर जनदर्शन सभाकक्ष तक सायकल रैली निकाली जाएगी। मंच संचालन शिक्षक रामपाल सिंह ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed