October 19, 2026

त्यौहारों को लेकर यातायात पुलिस बिलासपुर अलर्ट – विशेष व्यवस्था, निरीक्षण और आम नागरिकों से अपील

0
IMG-20250826-WA1025.jpg

बिलासपुर । आगामी तीज, गणेश उत्सव और दुर्गा महोत्सव को देखते हुए यातायात पुलिस बिलासपुर ने पूरे शहर और नेशनल हाईवे पर व्यापक निरीक्षण एवं अवलोकन किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में यह विशेष व्यवस्था की गई।

त्यौहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू और सुरक्षित बनी रहे, इसके लिए शहर के व्यस्ततम चौक-चौराहों पर अतिरिक्त यातायात बल की तैनाती की जा रही है। यातायात पुलिस ने बीट, पॉइंट, हाइवे, क्रेन पेट्रोलिंग और आपातकालीन ड्यूटी के माध्यम से पूरे जिले में चौकसी बढ़ा दी है।

आज तीज पर्व के अवसर पर यातायात पुलिस ने विशेष रूप से माताओं-बहनों और उनके परिवारजनों को सुरक्षित मायके जाने हेतु सचेत किया और वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की। नागरिकों को शराब पीकर वाहन न चलाने, तेज रफ्तार, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, ट्रिपल सवारी और मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाने जैसे उल्लंघनों से बचने की सख्त चेतावनी दी गई।

नियमों के पालन के लिए सड़क किनारे फ्लेक्स, बोर्ड और स्लोगन तख्तियाँ लगाई गईं, जिनके माध्यम से राहगीरों और वाहन चालकों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। साथ ही, पुलिस ने नगर निगम और गणेश उत्सव समितियों के साथ समन्वय कर यह सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है कि टेंट और पंडाल ऐसे स्थान पर लगें, जिससे यातायात बाधित न हो।

निरीक्षण के दौरान शहर के भीड़भाड़ वाले मार्गों जैसे – नेहरू चौक से देवकी नंदन चौक, गांधी चौक, जगमल चौक, गुरुनानक चौक, कोतवाली चौक से पुराना बस स्टैंड, सीएमडी चौक, अग्रसेन चौक, मंदिर चौक, सरकंडा बीट, मंगला बीट और लिंक रोड व्यापार विहार आदि में विशेष प्रबंध किए गए हैं। जरूरत पड़ने पर इन क्षेत्रों में एकांगी मार्ग (वन-वे रूट) बनाकर भीड़ को डायवर्जन के माध्यम से नियंत्रित करने की तैयारी है।

यातायात पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि जुलूस के दौरान समितियां स्वयंसेवक (वालंटियर) नियुक्त करें ताकि भीड़ के कारण पीछे लगने वाली वाहन कतारों और आपातकालीन सेवाओं को कोई बाधा न हो। साथ ही, दुकानदारों और ठेला-गुमटी वालों से मुख्य मार्ग से हटकर व्यवसाय करने की अपील की गई है ताकि किसी भी स्थिति में अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

यातायात पुलिस बिलासपुर ने आम नागरिकों से संयम और सहयोग की अपील की है कि वे नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित व व्यवस्थित तरीके से त्योहारों का आनंद लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed