October 19, 2026

रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई – हेरोइन (चिट्टा) सिंडिकेट की महिला सदस्य गिरफ्तार, अब तक 1.58 करोड़ की नशीली पदार्थ जब्ती

0
IMG-20250824-WA1021.jpg

रायपुर। राजधानी पुलिस ने नशे के खिलाफ अपनी सख्त मुहिम को आगे बढ़ाते हुए हेरोइन (चिट्टा) के अवैध कारोबार से जुड़े एक और महिला पेडलर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 9.5 ग्राम हेरोइन, एक दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है।

गौरतलब है कि थाना कबीर नगर और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में इससे पहले इस गिरोह के दो महिला समेत पांच आरोपी पकड़े जा चुके हैं, जिनसे 273.19 ग्राम हेरोइन, एक दोपहिया वाहन और पांच मोबाइल फोन बरामद हुए थे। अब तक इस प्रकरण में कुल छह आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार महिला का नाम हरप्रीत कौर उर्फ हैप्पी (23 वर्ष), पति अमरीक सिंह, निवासी वीरसावरकर नगर, हीरापुर, थाना कबीर नगर है। वह फरार आरोपी रूपिंदर उर्फ पिंदर के मकान में किराए पर रहकर उसी के साथ मिलकर हेरोइन की सप्लाई और बिक्री करती थी। साथ ही विजय मोटवानी नामक व्यक्ति को भी नशीला पदार्थ उपलब्ध कराती थी। पैसों का लेन-देन भी इन्हीं के जरिए किया जाता था।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों द्वारा व्हाट्सऐप वीडियो और लोकेशन शेयरिंग के माध्यम से सिंडिकेट चलाया जाता था। इसी तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने हरप्रीत कौर तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया।

इस मामले में आरोपियों के खिलाफ थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 183/25 धारा 21बी, 21(सी), 29 एनडीपीएस एक्ट तथा 111 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और सप्लायर से लेकर स्थानीय नेटवर्क को तोड़ने के निर्देश पहले ही जारी किए थे। इसी दिशा में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार इस प्रकरण में और भी कई लोगों की संलिप्तता सामने आई है। फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और उम्मीद है कि जल्द ही इस नेटवर्क का पूरा पर्दाफाश कर लिया जाएगा।

अब तक की कार्रवाई में रायपुर पुलिस ने अलग-अलग मामलों से करीब 1.58 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त की है, जो प्रदेश में नशे के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed