October 19, 2026

महंगाई भत्ता और अन्य मांगों पर सरकार से सार्थक संवाद की मांग, फेडरेशन का आंदोलन जारी रखने का ऐलान

0
IMG_20250823_132109_726.jpg

मुंगेली । छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने आगर क्लब में 11 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना दिया। फेडरेशन के उप संयोजक अवधेश शुक्ला ने उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा 2% महंगाई भत्ता की घोषणा आंदोलन को तोड़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि खेदजनक है कि सरकार द्वारा अब तक हमारी मांगों पर कोई सार्थक चर्चा या संवाद नहीं किया गया है, न ही कोई समाधान की पहल की गई है। ऐसे में फेडरेशन का आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता।

पेंशनर संघ के जिला अध्यक्ष सईद खान ने कहा कि पेंशनर संघ फेडरेशन में शामिल हो चुका है और हमारी जायज़ मांगों को पूरा किया जाना चाहिए। जिला प्रवक्ता मोहम्मद उमर कुरैशी ने 11 सूत्रीय मांगों की व्याख्या करते हुए कहा कि मोदी सरकार की गारंटी के अनुसार महंगाई भत्ता केन्द्र के समान देय तिथि से दिया जाए, जुलाई 2019 से लंबित महंगाई भत्ते की राशि जीपीएफ खाते में समायोजित की जाए, पिंगुवा कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, चार स्तरीय पदोन्नति समयमान वेतनमान क्रमश: 8, 16, 24 और 32 वर्ष में दिया जाए।

इसके अलावा सहायक शिक्षक और सहायक पशु चिकित्सा अधिकारियों को त्रिस्तरीय समयमान वेतनमान देने, प्रदेश में अन्य भाजपा शासित राज्यों की तरह कैशलैस सुविधा लागू करने, नि:शर्त अनुकंपा नियुक्ति लागू करने, शासकीय सेवकों को 300 दिन अर्जित अवकाश नगदीकरण देने, प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना करते हुए समस्त सेवा लाभ देने, पंचायत सचिवों का शासकीयकरण करने, कर्मचारी अधिकारियों की सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष करने, और कार्यभारित, दैनिक वेतन भोगी, अनियमित व संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण कर नियमित पदस्थापना सुनिश्चित करने की मांगें की गई।

धरना स्थल पर छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष बिन्दु भास्कर, कर्मचारी कांग्रेस जिला अध्यक्ष अश्वनी बन्जारे, छत्तीसगढ़ नियमित शिक्षक संघ के संभाग अध्यक्ष ओमप्रकाश कौशिक, स्टांप नर्स संघ के जिला अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर, नवयुक्त अधिकारी कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष डोम प्रकाश कश्यप, सचिव संघ जिला अध्यक्ष योगेश साहू, प्रधान पाठक संघ के जिला अध्यक्ष दिनेश निर्मलकर, जिला प्रवक्ता फूलचंद यादव, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुशीला घृतलहरे, भोला देव ध्रुव, डॉ. अखिलेश बन्जारे, रामसिंह राजपूत, आर.के. वैष्णव, कृष्ण कुमार वर्मा, पीला लाल दिवाकर, कामता साहू सहित कई अन्य प्रमुख नेता उपस्थित थे।

धरना स्थल पर फेडरेशन के संयोजक जे.एस. ध्रुव और जिला प्रवक्ता मोहम्मद उमर कुरैशी ने कार्यक्रम का संचालन किया और आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम नायब तहसीलदार हरिश्चंद्र यादव एवं अतिरिक्त तहसीलदार चंद्रकांत राहि को सौंपा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed