स्वामी आत्मानंद स्कूल में छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट, लाठी-डंडों से हुए लहूलुहान
तखतपुर। नगर के वार्ड क्रमांक 12 स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब छात्रों के दो गुटों में मामूली विवाद मारपीट में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थक भी इसमें शामिल हो गए और लाठी-डंडों व पाइप से एक-दूसरे पर हमला करने लगे। इस घटना में कई छात्र खून से लथपथ हो गए।
मामला बढ़ते देख शिक्षकों ने तत्काल इसकी सूचना तखतपुर थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुरुआत दो छात्रों के बीच आपसी विवाद से हुई थी। लेकिन थोड़ी ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुट आमने-सामने आ गए। मौके पर मौजूद लोग बीच-बचाव करने की कोशिश करते रहे लेकिन भीड़ इतनी ज्यादा हो गई कि हालात बेकाबू होते चले गए।
दोनों पक्षों के खिलाफ दर्ज होगी एफआईआर
इस घटना को लेकर पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों के आने के बाद दोनों गुटों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। वहीं, मारपीट की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। बच्चों से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि विवाद की असली जड़ सामने आ सके।
स्कूल परिसर में हुई इस मारपीट से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। अभिभावकों ने भी छात्रों की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं और प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
