तखतपुर जनपद की सामान्य सभा में हंगामा, टूटी कुर्सी-गर्मी और सीईओ की मनमानी पर बिफरे जनप्रतिनिधि
बैठक अव्यवस्थाओं और तीखी बहस की भेंट चढ़ी, जनप्रतिनिधियों ने चेताया- रवैया नहीं बदला तो करेंगे विरोध
तखतपुर
। जनपद पंचायत तखतपुर की सामान्य सभा की बैठक अव्यवस्थाओं, गर्मी और तीखी बहस के बीच हंगामे की भेंट चढ़ गई। बैठक की शुरुआत ही अव्यवस्था से हुई, जहां सदस्यों के लिए टूटी कुर्सियां और पंखों की कमी से नाराज प्रतिनिधियों को खुद के लिए कुर्सी ढूंढनी पड़ी।
जनप्रतिनिधियों ने जनपद सीईओ सत्यव्रत तिवारी की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए और चेतावनी दी कि यदि उनका रवैया नहीं बदला गया तो वे खुला विरोध करेंगे।
स्वास्थ्य, खाद, राशन और भर्ती में गड़बड़ी पर सवाल
बैठक में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर सदस्यों ने कहा कि अस्पतालों में डॉक्टरों और स्टाफ की कमी है। जीवनदीप समिति की बैठकें भी लंबे समय से नहीं हुईं हैं।
किसानों को खाद की किल्लत पर चिंता जताते हुए त्वरित समाधान की मांग की गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग में भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं होने की बात कहकर सदस्यों ने बंद लिफाफे की जगह खुले आवेदन स्वीकार करने का सुझाव दिया।
राशन दुकानों में अनियमितता पर भी सवाल उठाए गए, जहाँ कुछ दुकानों में स्टॉक कम देने और अधिकारियों पर 1000 रुपये तक वसूली का आरोप लगाया गया।
सीईओ पर मनमानी के आरोप, बायोमेट्रिक का विरोध
बैठक में सबसे अधिक नाराजगी सीईओ सत्यव्रत तिवारी को लेकर दिखी। सदस्यों ने कहा कि सीईओ ना तो जनप्रतिनिधियों को सम्मान देते हैं और ना ही जरूरी जानकारी मुहैया कराते हैं। जब बायोमेट्रिक मशीन लगाने का प्रस्ताव लाया गया तो उन्होंने आपत्ति जताई, जिससे नाराजगी और बढ़ गई।
जनपद अध्यक्ष माधवी संतोष वस्त्रकार ने भी सीईओ को अव्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदार ठहराया और अगली बैठक तक सभी व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।
महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी हुए पारित
इस हंगामेदार बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए गए, जिनमें शामिल हैं:
अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करना
सचिवों का गृह ग्राम से अन्य स्थानों पर तबादला
जनपद कार्यालय में बायोमेट्रिक मशीन और सीसीटीवी कैमरे लगाना


The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
