पत्नी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाला पति गिरफ्तार
इलाज नहीं कराता था, अनपढ़ कहकर करता था प्रताड़ना, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
बिलासपुर । सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत श्याम नगर लिंगियाडीह निवासी अंकित उर्फ निक्कू देवांगन (उम्र 26 वर्ष) को उसकी पत्नी सुलोचना देवांगन को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मृतिका को आए दिन शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दी जाती थी।
मामले में अप.क्र. 1041/2025, धारा 108बी, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
🔹 घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 5 अप्रैल 2025 को आरोपी ने स्वयं थाना सरकंडा में मर्ग इंटिमेशन दर्ज कराया था कि उसकी पत्नी सुलोचना देवांगन ने सुबह 10 बजे घर के कमरे में सीलिंग फैन की हुक में गमछे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 50/25 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच प्रारंभ की।
जांच के दौरान मृतिका के परिजनों ने बयान में बताया कि फरवरी 2023 में सुलोचना का विवाह अंकित देवांगन से हुआ था। दोनों की एक बच्ची कायरा देवांगन भी है। सुलोचना का स्वास्थ्य अक्सर खराब रहता था और वह इलाज के लिए पति से बार-बार कहती थी, लेकिन पति इलाज नहीं कराता था। उल्टा उसे ‘अनपढ़’ कहकर अपमानित और प्रताड़ित करता था, जिससे परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली।
🔹 तथ्यों के आधार पर अपराध दर्ज, गिरफ्तारी
मर्ग जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मामला आत्महत्या के लिए उकसाने का पाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को अवगत कराने के बाद निर्देशानुसार आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल व सीएसपी सरकंडा सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय और जांच अधिकारी प्रधान आरक्षक विजय पाण्डेय ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अंकित देवांगन को 1 अगस्त 2025 को तलब कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म स्वीकार किया, जिसके पश्चात उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
