ग्राम पंचायत तरवरपुर को खाद्यान्न भंडारण संरचना की सौगात
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने ग्रामीणों को सौंपा स्वीकृति पत्र
मुंगेली । विकासखण्ड मुंगेली के अंतर्गत ग्राम पंचायत तरवरपुर के ग्रामीणों को खाद्यान्न भंडारण के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आज जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों को खाद्यान्न भंडारण संरचना निर्माण हेतु स्वीकृति पत्र प्रदान किया।
गौरतलब है कि ग्राम तरवरपुर के सरपंच एवं ग्रामीणजन जनदर्शन में उपस्थित होकर खाद्यान्न भंडारण हेतु उपयुक्त संरचना न होने की समस्या से कलेक्टर को अवगत कराया था। उन्होंने बताया कि संरचना के अभाव में खाद्यान्न का सुरक्षित भंडारण कठिन हो रहा है, जिससे वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री कुमार ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। शासन स्तर से प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के पश्चात कलेक्टर ने आज स्वयं ग्रामीणों को स्वीकृति पत्र सौंपा।
इस पहल से न केवल ग्राम में खाद्यान्न की सुरक्षित भंडारण व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी, बल्कि वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता भी आएगी। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के इस तत्पर और संवेदनशील निर्णय के लिए आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय भी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
