नकली व मिलावटी खाद्य सामग्री के विरुद्ध जिले में प्रशासन की सख्त कार्रवाई
मुंगेली । आगामी रक्षाबंधन त्यौहार को देखते हुए जिले में खाद्य सुरक्षा को सुनिश्चित करने हेतु मिलावटी और नकली खाद्य सामग्री के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार एसडीएम मुंगेली श्रीमती पार्वती पटेल द्वारा गठित खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
अभियान के टीम ने जिला मुख्यालय में वैष्णव मिष्ठान्न भंडार व विष्णु हॉटल पड़ाव चौक, श्रीराम हॉटल एण्ड स्वीट्स व चंद्रशिखा हॉटल दाउपारा, जोधपुरी स्वीट्स बालानी चौक के साथ ही जायसवाल खोवा भंडार फास्टरपुर में खोवा, कुंदा, मिल्क केक, पनीर जैसे दुग्धजन्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता की जांच किया और लूज छेना रसगुल्ला एवं लूज यूज्ड कुकिंग ऑयल और लूज पेड़ा का नमूना लेकर जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेजा गया। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों व होटल संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों को अखबार में लपेटने व परोसने पर भी सख्त मनाही की गई। साथ ही परिसर में सफाई रखने, हैंड ग्लब्स एवं कैप का उपयोग करने, खाद्य वस्तुओं को ढककर रखने और स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि पूर्व में पाए गए अमानक खाद्य मामलों में कार्रवाई करते हुए न्यू साहू जलपान गृह चंद्रखुरी, शिव बाबा श्याम फैमिली ढाबा सरगांव, संगी रेस्टोरेंट पथरिया, मारूति किराना एण्ड जनरल स्टोर्स पथरिया आदि प्रतिष्ठानों पर 01-01 लाख रूपए का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने आमजनों से अपील की है कि त्योहार के अवसर पर मिठाई व अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी निर्माण विधि, समाप्ति तिथि अवश्य जांचें और केवल प्रमाणित दुकानों से ही सामान खरीदें, जिससे स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं से बचा जा सके। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती पुष्पा खाखा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
