October 20, 2026

नाबालिग से छेड़खानी करने वाले दो आरोपी तोरवा पुलिस की गिरफ्त में

0
IMG-20250728-WA0740.jpg


बिलासपुर ।  थाना तोरवा क्षेत्र में नाबालिग बच्ची से छेड़खानी, कपड़े फाड़ने और अश्लील हरकत करने के मामले में पुलिस ने सिर्फ कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया था, लेकिन पुलिस की त्वरित और सटीक कार्रवाई ने कानून व्यवस्था पर विश्वास बनाए रखा।

क्या है मामला?

दिनांक 27 जुलाई 2025 को पीड़िता के पिता द्वारा थाना तोरवा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवक उसकी बेटी के साथ सार्वजनिक स्थान पर छेड़खानी, कपड़े फाड़ने और गलत तरीके से छूने जैसी हरकतें कर फरार हो गए थे।

सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने तत्काल आरोपियों की पतासाजी कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।

सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान, मोटरसाइकिल जब्त

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेंद्र जायसवाल एवं सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान बाबी बंजारे पिता गिरधारी बंजारे (उम्र 25 वर्ष) तथा सिकंदर सोनवानी पिता सुरेश सोनवानी (उम्र 22 वर्ष), दोनों निवासी अंबेडकर चौक, गतौरा, थाना मस्तूरी के रूप में हुई।

दोनों को तत्काल हिरासत में लेकर थाना लाया गया। पूछताछ में उन्होंने अपना अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद बाबी बंजारे के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (CG10 BU 0617) को भी जब्त किया गया।

न्यायालय में पेश, कड़ी सजा की मांग

दोनों आरोपियों को गिरफ्तारी के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजा गया है। पुलिस द्वारा मामले में साक्ष्य और पीड़िता के बयान के आधार पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

पुलिस की सख्त चेतावनी:  “महिलाओं और बच्चियों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़खानी, अभद्रता या अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोपियों के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही की जाएगी।”

टीम की तत्परता सराहनीय

इस त्वरित कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस, तकनीकी स्टाफ, व थाना तोरवा टीम की सक्रियता और संवेदनशीलता प्रशंसनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed