बिलासपुर डाक संभाग में 4 अगस्त से लागू होगी एडवांस पोस्टल टेक्नोलॉजी प्रणाली
बिलासपुर । भारतीय डाक विभाग ने अगली पीढ़ी की एडवांस पोस्टल टेक्नोलॉजी (APT) प्रणाली के लागू होने की घोषणा की है। यह डिजिटल नवाचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो डाक सेवाओं को स्मार्ट, कुशल और अधिक ग्राहक-अनुकूल बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इस परिवर्तनकारी पहल के अंतर्गत, उन्नत प्रणाली को 4 अगस्त से बिलासपुर डाक संभाग के सभी डाकघरों में लागू किया जाएगा।
इस उन्नत डिजिटल प्लेटफॉर्म में सुचारु और सुरक्षित ट्रांज़िशन सुनिश्चित करने के लिए 2 अगस्त को कार्य प्रभावित रहेगा। 2 अगस्त को रेल डाक सेवा बिलासपुर में बुकिंग कार्य सुचारू रूप से संचालित रहेगी। जिसके दौरान डाकघरों में कोई भी सार्वजनिक लेन-देन नहीं किया जाएगा। यह अस्थायी सेवा निलंबन डेटा माइग्रेशन, सिस्टम वैलिडेशन और कॉन्फ़िगरेशन प्रक्रियाओं को पूरा करने हेतु आवश्यक है, ताकि नई प्रणाली सुचारु रूप से चालू हो सके। एडवांस पोस्टल टेक्नोलॉजी (APT) एप्लिकेशन को विशेष रूप से बेहतर उपयोगकर्ता अनुभव, तेज़ सेवा वितरण और अधिक ग्राहक-अनुकूल इंटरफेस प्रदान करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह हमारे इस संकल्प को दर्शाता है कि हम स्मार्ट, कुशल और भविष्य के लिए तैयार डाक सेवाएं प्रदान करेंगे। डाक विभाग के अधीक्षक विनय प्रसाद ने ग्राहकों से अनुरोध करते हुए कहा है कि इस अल्पकालिक व्यवधान के दौरान हमारा साथ दें। हम आपको आश्वस्त करते हैं कि ये कदम आपको बेहतर, तेज़ और अधिक डिजिटल रूप से सशक्त सेवाएं प्रदान करने के हित में उठाए जा रहे हैं।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
