October 19, 2026

स्पष्टीकरण : विद्यालय में बच्चों के बीच विवाद की घटना के संबंध में झूठी खबर का खंडन

0
IMG-20250726-WA0504.jpg

दिनांक 21 जुलाई 2025 की रात जवाहर नवोदय विद्यालय, धरमपुरा–2, जगदलपुर में बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर कुछ माध्यमों में यह भ्रामक सूचना प्रसारित की गई है कि छात्रों के बीच मारपीट हुई और कई बच्चों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस संबंध में विद्यालय प्रशासन स्पष्ट करना चाहता है कि यह जानकारी तथ्यहीन एवं भ्रामक है।

उल्लेखनीय है कि दिनांक 21 जुलाई 2025 को रात्रि 9:30 बजे विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक गतिविधियों के अंतर्गत कुछ छात्रों द्वारा समूह गायन व नृत्य-गान की प्रस्तुति दी जा रही थी। कार्यक्रम समाप्ति के बाद कुछ छात्रों के बीच सामान्य अनबन हुई, जिसमें एक छात्र ने अनुशासनहीनता करते हुए हल्का-फुल्का विवाद किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात शिक्षक श्री सौरभ अनवर की निगरानी में स्थिति तुरंत नियंत्रण में लाई गई।

कुछ छात्रों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, और उसी रात वे स्वस्थ होकर विद्यालय लौट आए। किसी भी छात्र की हालत गंभीर नहीं थी और न ही कोई छात्र अस्पताल में भर्ती है। सभी शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियाँ पूर्ववत सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं।

विद्यालय प्रबंधन, नवोदय विद्यालय समिति और क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल द्वारा इस घटना की गहन जांच की जा रही है। साथ ही, संबंधित शिक्षकों की उपस्थिति में छात्रों से संवाद कर स्थिति स्पष्ट की गई है। दिनांक 25 जुलाई 2025 को प्रातः 6 बजे तक सभी विद्यार्थी पूर्णतः सामान्य अवस्था में पाए गए।

विद्यालय प्रशासन मीडिया से अपील करता है कि बिना सत्यापन के इस प्रकार की भ्रामक सूचनाएं प्रसारित न करें। झूठी एवं सनसनीखेज रिपोर्टिंग से छात्रों और अभिभावकों में अनावश्यक भय और भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है।

प्राचार्य
पीएम श्री स्कूल/जवाहर नवोदय विद्यालय
धरमपुरा-2, जगदलपुर, जिला बस्तर (छ.ग.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed