कलेक्टर एवं एसपी ने किया सड़क और पुल-पुलिया का निरीक्षण
मुंगेली । कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आज जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया एवं संभावित जलजमाव स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने बरेला क्षेत्र में सड़क पर जलभराव की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल वैकल्पिक जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि भारी बारिश की स्थिति में यातायात बाधित न हो। कलेक्टर ने कहा कि सड़क मार्गों पर निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाए एवं जलनिकासी की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बीरगांव, बिलासपुर-मुंगेली बायपास सड़क सहित अन्य स्थलों का दौरा कर बाढ़ पूर्व आवश्यक तैयारियों की समीक्षा भी की।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ अथवा अतिवृष्टि की स्थिति में जन-धन की क्षति को रोकने के लिए सभी एहतियाती उपाय सुनिश्चित करें। उन्होंने प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव सामग्री सहित आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और लोगों से अपील की कि भारी वर्षा एवं बाढ़ की स्थिति में अनावश्यक रूप से नदी-नाले को पार न करें। पुलिस अधीक्षक ने भी संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने एवं आपदा की स्थिति में तत्काल राहत कार्य प्रारंभ करने हेतु तैयार रहने को कहा। उन्होंने कहा कि कहीं भी पानी का बहाव अधिक हो, तो तुरंत वहां चौकसी बढ़ाई जाए और लोगों को पार करने से रोका जाए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
