October 19, 2026

सियान चेतना” कार्यक्रम में बुजुर्गों को मिला सम्मान, पुलिस बनी परिवार की तरह हमसफर

0
IMG-20250719-WA0143.jpg

बिलासपुर। वरिष्ठ नागरिकों के सुरक्षा, सम्मान और संरक्षण को लेकर पुलिस विभाग एक नई संवेदनशील पहल के तहत बुजुर्गों से सीधे संवाद और सम्मान का पुल बना रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को पुलिस लाइन बिलासपुर में “सियान चेतना” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को आमंत्रित कर उनका हालचाल जाना गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य सिर्फ औपचारिक नहीं था, बल्कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (आईपीएस) की पहल पर यह आयोजन बुजुर्गों के अनुभव और योगदान को सम्मान देने की एक मार्मिक कोशिश रही। कार्यक्रम में पहुंचे बुजुर्गों ने खुले दिल से अपनी भावनाएं साझा कीं और कहा कि सेवानिवृत्ति के वर्षों बाद इस तरह का स्नेह और सम्मान मिलना उन्हें गहरे तक छू गया है। उन्होंने एसएसपी श्री सिंह को इस मानवीय पहल के लिए धन्यवाद कहा।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती अर्चना झा ने सभी वरिष्ठ नागरिकों को शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि “बुजुर्ग समाज के वटवृक्ष होते हैं, जिनकी छाया में नई पीढ़ी आगे बढ़ती है। उनके अनुभव हमारे लिए दिशा देने वाले दीपक हैं।”

इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र गुप्ता, चेतना मित्रगण, और पुलिस परिवार से लगभग 50 वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम की सराहना की और इसे यादगार बताया।

पुलिस विभाग ने यह भी अपील की कि समाज में प्रत्येक व्यक्ति अपने बुजुर्गों की सुरक्षा और देखभाल को प्राथमिकता दे। “सियान चेतना” जैसा अभियान निश्चित रूप से पुलिस और समाज के बीच एक संवेदनशील सेतु का काम कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed