ऑपरेशन ‘मुस्कान’ में तखतपुर पुलिस को बड़ी सफलता – हैदराबाद से नाबालिग को बरामद कर आरोपी गिरफ्तार
तखतपुर (बिलासपुर)। ऑपरेशन ‘मुस्कान’ के तहत तखतपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लगभग एक साल से फरार चल रहे आरोपी को तेलंगाना के हैदराबाद से गिरफ्तार कर पुलिस ने उसके कब्जे से नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया है।
मामले में आरोपी ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने के बाद उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भादंवि की धाराओं 363, 366, 376 तथा पॉक्सो एक्ट की धाराएं 4 और 6 के तहत अपराध दर्ज किया है।
आरोपी की पहचान कौशल उर्फ दिल मोहित (22 वर्ष), पिता राधेलाल चतुर्वेदी, निवासी ग्राम बराही, थाना तखतपुर के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 जून 2024 को पीड़िता के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामला महिला और बालिका से संबंधित गंभीर अपराध का होने के कारण इसे गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भापुसे) ने ऑपरेशन ‘मुस्कान’ के तहत तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी अनिल अग्रवाल के नेतृत्व में टीम गठित कर सायबर सेल बिलासपुर से तकनीकी सहयोग प्राप्त किया गया। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन तेलंगाना राज्य के हैदराबाद स्थित दुर्गमचेरू, रंगारेड्डी क्षेत्र में ट्रेस हुई।
टीम ने तत्परता दिखाते हुए वहां पहुंचकर 17 जुलाई को आरोपी को गिरफ्तार किया और पीड़िता को उसके कब्जे से सकुशल मुक्त कराया। पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोपी को 18 जुलाई को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
