‘‘गौ सेवा संकल्प अभियान’’ जिले में गायों की सेवा, सुरक्षा और संरक्षण को बढ़ावा देने चलेगा अभियान
मुंगेली । जिला प्रशासन द्वारा गायों की सेवा एवं संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ‘‘गौ सेवा संकल्प अभियान’’ की शुरूआत की गई है। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने औपचारिक रूप से इस अभियान की शुरूआत करते हुए आमजनों से गायों को बचाने, गायों की सेवा, सुरक्षा और संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए सहभागिता की अपील की। उन्होंने इस संबंध में जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में बैठक लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने गौ सेवा संकल्प अभियान के क्रियान्वयन के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की और कहा कि गाय माता के समान है, उसके प्रति सम्मान का भाव जागृत करने के लिए लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने लोगों को गाय को गोद लेने के लिए प्रोत्साहित किया। कलेक्टर ने कहा कि इस विशेष पहल के अंतर्गत परित्यक्त एवं बेसहारा गायों के लिए चारा, पानी, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के ठोस प्रयास किए जाएंगे। जिला प्रशासन, नगरीय निकायों, ग्राम पंचायतों और पशु चिकित्सा विभाग के समन्वय से यह अभियान चरणबद्ध रूप से संचालित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने गाय के प्रति करुणा एवं जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि गौवंश के सड़क पर होने से दुर्घटना की आशंका रहती है। सड़क से गायों को हटाएं और इसके लिए लोगों को जागरूक करें, ताकि सड़क दुर्घटना कम हो। उन्होंने सेवा भावना का दृष्टिकोण विकसित करते हुए गायों की सुरक्षा के लिए ईमानदार प्रयास करने और इस पहल को जनभागीदारी तथा जनअभियान के रूप में लेने व गॉवों में चौपाल लगाकर गौ सेवा के लिए ग्रामीणों को प्रेरित करने प्रोत्साहित किया। उन्होंने ग्राम स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम और रैलियां आयोजित करने तथा युवाओं, स्व-सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों और विद्यालयों की भागीदारी सुनिश्चित करने कहा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गाय का पर्यावरणीय, धार्मिक, सामाजिक और मनोवैज्ञानिक महत्व है, गाय हमारी संस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने अभियान के महत्व बताते हुए कहा कि इसे मिशन के रूप में ले और संवेदनशीलता से गौ सेवा करें। वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार ने कहा कि गौ सेवा न केवल हमारी परंपरा का हिस्सा है, बल्कि यह करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। इस अभियान में समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है, तभी इसका उद्देश्य सफल हो सकेगा। जिला पंचायत सीईओ ने गौ सेवा संकल्प अभियान के कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि बेसहारा गायों को आश्रय प्रदान करना और उनकी देखभाल करना सबसे बड़ी सेवा है। इस मुहिम में हम सभी को शामिल होना चाहिए। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर जी. एल. यादव एवं श्रीमती मेनका प्रधान, मुंगेली एसडीएम श्रीमती पार्वती पटेल, पथरिया एसडीएम अजय शतरंज सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
