ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा लगातार सघन कार्यवाही, यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि
बिलासपुर । रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” अभियान के अंतर्गत लगातार सघन अभियान चलाए जा रहे हैं । इस अभियान के अंतर्गत यात्रियों से संबंधित अपराधों की रोकथाम हेतु महत्वपूर्ण स्टेशनों में अपराध के प्रकार एवं प्रवृत्ति का विश्लेषण कर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही की जा रही है ।
इसी क्रम में, इस उद्देश्य के लिए तीनों रेल मंडलों बिलासपुर, रायपुर एवं नागपुर में विशेष टास्क टीमों का गठन किया गया है । प्रत्येक रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट स्तर पर टीमों को सक्रिय किया गया है तथा अपराध गुप्तचर शाखाओं को भी पूरी तरह से क्रियाशील किया गया है । साथ ही, रात्रि के समय महत्वपूर्ण यात्री ट्रेनों का विशेष अनुरक्षण कर सतत निगरानी रखी जा रही है ।
वर्तमान में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से यात्रा के दौरान यात्रियों के गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस कर उन्हें संबंधित यात्रियों को सुपुर्द करने की दिशा में भी प्रभावी कार्य किया जा रहा है ।
*CEIR पोर्टल की प्रक्रिया:*
गुमशुदा मोबाइल फोन की सूचना प्राप्त होने पर संबंधित रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट द्वारा यात्रियों से अनुरोध प्रपत्र भरवाया जाता है और इसे रेलवे सुरक्षा बल साइबर सेल को अग्रेषित किया जाता है । साइबर सेल द्वारा CEIR पोर्टल के माध्यम से उक्त मोबाइल फोन को ब्लॉक किया जाता है एवं ट्रेसिंग की प्रक्रिया प्रारंभ की जाती है । ट्रेस किए गए मोबाइल को तस्दीक के पश्चात नजदीकी रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट के माध्यम से वास्तविक स्वामी को सुपुर्द किया जाता है ।
अब तक रेलवे सुरक्षा बल साइबर सेल द्वारा कुल 57 मोबाइल फोन ब्लॉक किए गए हैं, जिनमें से 9 मोबाइल फोन सफलतापूर्वक ट्रेस कर अधिकृत मालिकों को सौंपे जा चुके हैं । यह प्रणाली यात्रियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है ।
*”ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के अंतर्गत की गई कार्रवाई:*
* वर्ष 2023 में 246 व्यक्तियों पर कार्रवाई/गिरफ्तारी
* वर्ष 2024 में 267 व्यक्तियों पर कार्रवाई/गिरफ्तारी
* वर्ष 2025 में (जून तक) 156 व्यक्तियों पर कार्रवाई/गिरफ्तारी
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा की गई ये सभी कार्रवाई भारतीय दंड संहिता (IPC), दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC), भारतीय न्याय संहिता (BNS), BNSS के तहत की गई हैं ।
रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने हेतु प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इस दिशा में प्रभावी कदम उठाता रहेगा ।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
