तेज रफ्तार वाहन ने कुचले 13 गौवंश, 4 घायल, मवेशी मालिक और चालक पर एफआईआर
रतनपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-45 पर ग्राम बारीडीह के पास सोमवार देर रात दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना हुई। नंदलाल पेट्रोल पंप के पास सड़क पर बैठे गौवंश को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बेरहमी से कुचल दिया, जिससे 13 गौवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने सड़क पर बैठे मवेशियों को देखकर भी ब्रेक नहीं लगाया। यह लापरवाही भारी जानमाल की हानि का कारण बनी।
अज्ञात वाहन चालक और मवेशी मालिक पर एफआईआर
घटना की सूचना मिलने पर थाना रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मवेशी मालिक के खिलाफ मवेशियों को लावारिस रूप से सड़क पर छोड़ने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 291 BNS (भारतीय न्याय संहिता) के अंतर्गत मवेशियों को लावारिस छोड़ने वाले पशु मालिकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है और आगामी दिनों में ऐसे मामलों में एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मवेशियों की सुरक्षा के लिए उठाए जा रहे कदम
भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचने के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंचों के सहयोग से एक निगरानी कमेटी बनाई जा रही है। इसके तहत मवेशियों के गले में रेडियम युक्त नेक बेंड लगाए जा रहे हैं, जिससे रात के समय वाहन चालकों को दूर से ही उनकी उपस्थिति का पता चल सके।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने मांग की है कि वाहन चालक की जल्द से जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए, और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए प्रशासन ठोस व्यवस्था करे।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
