October 20, 2026

परीक्षा में हाईटेक नकल का खुलासा, दो बहनें गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर

0
IMG-20250714-WA1056.jpg

बिलासपुर । थाना सरकंडा क्षेत्र के रामदुलारे शासकीय बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, परीक्षा केंद्र क्रमांक 1309 में व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) की आयोजित परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इसमें इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, हिडन कैमरा, माइक्रो स्पीकर और वॉकी-टॉकी का इस्तेमाल किया गया था।

परीक्षा में घुसपैठ का हाईटेक तरीका

दिनांक 13 जुलाई 2025 को आयोजित परीक्षा में कु. अन्नु सूर्या नामक परीक्षार्थी परीक्षा दे रही थी, जो अपने अंतःवस्त्रों में छुपाकर हिडन कैमरा तथा कान में माइक्रो स्पीकर लगाए हुई थी। वहीं परीक्षा केंद्र के बाहर खड़ी उसकी छोटी बहन कु. अनुराधा वॉकी-टॉकी, टैबलेट व मोबाइल के माध्यम से कैमरे से जुड़े प्रश्न पत्र देखकर उत्तर बता रही थी।

केंद्राधीक्षक ने पकड़ा, व्यापम अधिकारियों की मौजूदगी में जांच

इस संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही केंद्राध्यक्ष पी. मंडल ने व्यापम अधिकारियों के साथ मिलकर महिला व्याख्याता की मदद से तलाशी करवाई। तलाशी में हाईटेक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, मोबाइल, टैबलेट व अन्य उपकरण जब्त किए गए। दोनों बहनों को नकल प्रकरण में तत्काल पकड़ लिया गया।

FIR दर्ज, गंभीर धाराओं में मामला पंजीबद्ध

परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग करने पर थाना सरकंडा में धारा 318(2), 112(2), 61(2) बीएनएस, 72 IT एक्ट, एवं छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2008 की धारा 03, 09 के तहत अपराध क्रमांक दर्ज किया गया।

पुलिस रिमांड में ली गई दोनों आरोपी बहनें

आरोपियों की पहचान (1) कु. अन्नु सूर्या एवं (2) कु. अनुराधा, पिता कलेश्वर राम, निवासी ग्राम कुपरकापा गोरिया, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर के रूप में हुई है। दोनों को दिनांक 14 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

3 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने न्यायालय से 3 दिन की पुलिस रिमांड की मांग की, जिसे माननीय जेएमएफसी न्यायालय द्वारा 16 जुलाई 2025 की दोपहर 3 बजे तक के लिए स्वीकृत किया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी बहनों से पूछताछ कर इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed