October 20, 2026

❝ग्राम कुली में सरपंच और सचिव पर हमला, दो आरोपी गिरफ्तार❞

0
IMG-20250714-WA1011.jpg

तालाब ठेका विवाद को लेकर सचिव के घर में घुसकर की गई मारपीट, दोनों आरोपियों पर 14 वर्ष के कारावास की धाराओं में हुई कार्रवाई

बिलासपुर । सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुली में तालाब मछली पालन ठेका को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ग्राम सरपंच और सचिव पर हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

ग्राम सभा में हुआ था विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी बलराम प्रसाद वस्त्रकार (उम्र 37), ग्राम कुली के सरपंच हैं। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 13 जुलाई 2025 को तालाब ठेका वितरण को लेकर ग्रामसभा हो रही थी, जिसमें आरोपी सरदार सिंह ने गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी दी। इस पर पहले धारा 296, 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।

रात में सचिव पर किया गया हमला

रात में दोनों आरोपी चंद्रमणि ठाकुर उर्फ मोना (उम्र 21) और सरदार सिंह (उम्र 28) ने मिलकर सरपंच बलराम वस्त्रकार के घर की कुंडी तोड़कर घर में घुसने की कोशिश की। सरपंच के घर में न मिलने पर दोनों ने सचिव पर हमला कर घायल कर दिया।

इस घटना पर सीपत थाना पुलिस ने धारा 296, 115(2), 351(2), 331(6), 3(5) बीएनएस के तहत गंभीर धाराओं में मामला पंजीबद्ध किया है, जिनमें अधिकतम 14 वर्ष तक का कारावास हो सकता है।

दोनों आरोपी पुलिस गिरफ्त में

पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए चंद्रमणि ठाकुर उर्फ मोना को पहले ही गिरफ्तार कर जेल रिमांड पर भेज दिया है। वहीं दूसरे आरोपी सरदार सिंह को भी 14 जुलाई की शाम गिरफ्तार किया गया है, जिसे आज न्यायिक रिमांड पर भेजा जाएगा।

पुलिस टीम की रही सक्रिय भूमिका

इस कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी सीपत एवं उनके समस्त स्टाफ की अहम भूमिका रही। पुलिस द्वारा ग्राम में पुनः शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त गश्त की व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed