October 19, 2026

झारखंड से हो रही थी नशीली सिरप की सप्लाई, बिलासपुर पुलिस ने मेडिकल संचालक को देवघर से किया गिरफ्तार

0
IMG-20250709-WA0981.jpg

बिलासपुर। थाना सरकंडा पुलिस ने नशीली कफ सिरप तस्करी के मामले में झारखंड के देवघर से नवचेतन मेडिकल एजेंसी के संचालक कृष्ण कुमार बरनवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

मामला 9 मार्च 2025 को उस समय सामने आया था जब राजकिशोर नगर के ऊर्जा पार्क क्षेत्र में घूम-घूम कर कफ सिरप बेचने वाले अथर्व सौम्य सिंह और एक नाबालिक को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उनके पास से 55 नग अवैध नशीली कफ सिरप जब्त की गई थी, जिसकी कीमत करीब 10,725 रुपये आंकी गई थी।

जांच में पता चला कि यह नशीली सिरप झारखंड के देवघर स्थित राज मेडिकल के माध्यम से मंगाई जाती थी। इस नेटवर्क का सरगना भांचा उर्फ तानू महंत है, जिसे पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस की ईंट टू ईंट विवेचना में खुलासा हुआ कि मेडिकल संचालक रितुराज सिंह राज मेडिकल के माध्यम से बिलासपुर के आरोपियों से पैसे लेकर सप्लाई करता था। इसके बाद रितुराज से पूछताछ में सामने आया कि कृष्ण कुमार बरनवाल, जो नवचेतन मेडिकल एजेंसी देवघर का संचालक है, इस काले कारोबार का बड़ा खिलाड़ी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर सरकंडा पुलिस की टीम उपनिरीक्षक अवधेश सिंह के नेतृत्व में झारखंड के देवघर रवाना हुई और लक्ष्मी मार्केट में दबिश देकर आरोपी कृष्ण कुमार बरनवाल को पकड़ा गया। आरोपी पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन दस्तावेजों की जांच में उसका अपराध उजागर हो गया।

आरोपी के पास से मामले में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस ने बताया कि नशीली सिरप की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए यह बड़ी सफलता मानी जा रही है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21, 22, 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए ऑपरेशन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed