“कलेक्टर-एसपी पहुंचे वनांचल गांव, बाढ़ पूर्व तैयारियों का लिया जायजा – ग्रामीणों को राहत व मूलभूत सुविधाएं दिलाने दिए निर्देश”
मुंगेली | कलेक्टर कुन्दन कुमार और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने मंगलवार को लोरमी विकासखंड के अचानकमार टाइगर रिजर्व क्षेत्र के सुरही, बम्हनी, निवासखार और लमनी जैसे सुदूर वनांचल गांवों का दौरा कर बाढ़ पूर्व तैयारियों और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
प्रमुख बिंदु:
🔹 बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव की तैयारी की समीक्षा
🔹 सुरही, बम्हनी आदि गांवों में खाद्यान्न, दवाई, नाव, जैकेट की उपलब्धता के निर्देश
🔹 बिजली-पानी की समस्या के निदान और वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश
🔹 शिक्षा, स्वास्थ्य और राशन जैसी सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर ने ग्रामीणों को नदी-नालों के तेज बहाव में न उतरने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने बम्हनी में पेयजल, बिजली और शिक्षा की व्यवस्था की समीक्षा की। ग्रामीण महिला जयमती आर्मो द्वारा शौचालय की मांग पर तत्काल निर्माण के निर्देश दिए गए, साथ ही राशन कार्ड, जल टंकी मरम्मत और वाहन सुविधा भी सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
दुर्गम रास्तों से पहुंचे अफसर
कलेक्टर और एसपी बाइक व ट्रैक्टर से नदी पार कर लमनी और निवासखार जैसे दूरस्थ इलाकों में पहुंचे। उन्होंने वनांचल में रह रहे ग्रामीणों से सीधे संवाद कर शासन की योजनाओं की पहुंच और ज़मीनी समस्याओं की जानकारी ली।
स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण
कलेक्टर ने उप स्वास्थ्य केंद्र सुरही का निरीक्षण कर दवाइयों, एंटीवेनम और प्रसव संबंधित सुविधाओं की समीक्षा की। बिजली के लिए बैटरी, और चिकित्सक की अनुपलब्धता पर वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश दिए गए। उन्होंने निवासखार में स्वास्थ्यकर्मी की तैनाती और खुड़िया की स्वास्थ्य कार्यकर्ता लता दर्रो की सराहना भी की।
विस्थापन की दी जानकारी
कोर एरिया के गांवों के विधिवत विस्थापन की प्रक्रिया और लाभों की जानकारी देते हुए कलेक्टर ने कहा कि नवीन स्थान पर सभी सुविधाएं दी जाएंगी और हर समस्या का समाधान नियमानुसार किया जाएगा।
कलेक्टर की अपील: “जंगल हमारी धरोहर है, पेड़ न काटें, पर्यावरण को बचाएं और शासन की योजनाओं का लाभ लें।”

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
