October 19, 2026

पैसे नहीं देने पर युवक पर चाकू और चूड़ा से हमला, सरकंडा पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

0
IMG-20250706-WA0696.jpg

बिलासपुर, सरकंडा। सरकंडा थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने से मना करने पर दो युवकों द्वारा एक युवक पर चाकू और चूड़ा से हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दूसरा फरार है।

घटना 5 जुलाई की शाम करीब 5 बजे अशोक नगर चौक कॉफी हाउस के पास हुई, जब योगेश साहू नामक युवक चाय दुकान के सामने खड़ा था। इसी दौरान रेहान खान उर्फ रेहान मोमिन और उसका साथी तुषार उर्फ पप्पू मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। पैसे देने से मना करने पर दोनों ने गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि तुषार ने चाकू से योगेश के बाएं हाथ पर वार किया और रेहान ने अपने हाथ का चूड़ा निकालकर सिर के पीछे मारा। घायल युवक को परिजनों ने 112 की मदद से सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया।

घटना की रिपोर्ट मिलने पर सरकंडा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल एवं सीएसपी सरकंडा सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में टीम गठित की।

पुलिस ने घेराबंदी कर रेहान खान को उसके घर बंधवापारा से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार करते हुए हमला करने में इस्तेमाल किया गया चूड़ा भी पुलिस को सौंपा, जिसे जब्त कर लिया गया है।

आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। फरार आरोपी तुषार उर्फ पप्पू की तलाश जारी है और पुलिस जल्द ही उसकी गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

मामले में धारा 296, 115(2), 351(2), 119(1), 3(5) बीएनएस, तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed