शासकीय नौकरी के नाम पर 43 लाख की ठगी, तखतपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सरकारी पद दिलाने के नाम पर पैसे ठगने वाले गिरफ्तार, देने वाला भी चढ़ा पुलिस के हत्थे
बिलासपुर । सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह पर तखतपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह रही कि पुलिस ने न सिर्फ ठगों को, बल्कि अवैध रूप से नौकरी पाने के लालच में पैसे देने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (IPS) के निर्देश पर की गई, जो बिलासपुर जिले में अपनी तरह की पहली कार्रवाई मानी जा रही है।
📌 क्या है मामला?
ग्राम बरेला निवासी सूर्यकांत जायसवाल ने तखतपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने अपने दो पुत्रों और एक पुत्री को खाद्य निरीक्षक, हॉस्टल अधीक्षक और पटवारी जैसे पदों पर नौकरी दिलवाने के लिए विष्णु राजपूत, अनीश राजपूत और जावेद खान को 8 फरवरी 2022 से 5 जून 2023 के बीच कुल ₹43 लाख अलग-अलग किस्तों में दिए थे।
शिकायत की जांच अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोटा भारती मरकाम द्वारा की गई, जिसमें यह बात सामने आई कि आवेदक ने नियमों को ताक पर रखकर बईमानीपूर्वक शासकीय सेवा पाने का प्रयास किया।
📌 गिरफ्तार आरोपी –
1. विष्णु प्रसाद राजपूत (67) – ग्राम निगारबंद, तखतपुर
2. सीमा सोनी (29) – विनोबा नगर, सिविल लाइन
3. सूर्यकांत जायसवाल (55) – बरेला, हाल मुकाम नेचर सिटी, सकरी
📌 जेल में बंद एक अन्य आरोपी –
जावेद खान उर्फ राजा (31) – तितली चौक, तोरवा, जो पहले से ही सिविल लाइन थाने में दर्ज 420 के एक अन्य मामले में 3 अप्रैल 2025 से जेल में है।
📌 पुलिस की कार्रवाई –
इस पूरे मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अर्चना झा और एसडीओपी कोटा भारती मरकाम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तखतपुर की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
🔎 पुलिस का संदेश –
शासकीय नौकरी पाने का एकमात्र रास्ता है – प्रतिभा और पारदर्शी चयन प्रक्रिया। कोई भी व्यक्ति शॉर्टकट अपनाकर न सिर्फ खुद को फंसाता है, बल्कि योग्य अभ्यर्थियों के साथ भी अन्याय करता है।
📢 बिलासपुर पुलिस की चेतावनी: ऐसे किसी भी फर्जीवाड़े से बचें, और ठगी करने वालों की जानकारी तुरंत दें।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
