रायपुर ब्रेकिंग: नशे की लत ने ली जान, क्रेटा कार से धकेले गए युवक की एम्स में मौत… आरोपी हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
रायपुर (कबीरनगर)। नशे की दलदल में एक और जिंदगी खत्म हो गई। राजधानी रायपुर के कबीर नगर इलाके में सोमवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां नशे की हालत में एक युवक को कार से धक्का देने के बाद उसकी मौत हो गई। युवक को गंभीर हालत में एम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने वाहन सहित दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कार से धकेलने की सूचना से मचा हड़कंप
घटना सोमवार शाम लगभग 6:30 बजे की है। बाल्मीकि नगर रोड, थाना कबीर नगर क्षेत्र में राहगीरों ने देखा कि एक सफेद रंग की क्रेटा कार (CG 04 PY 1388) से एक युवक को धक्का देकर भागा दिया गया। तत्काल सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तुरंत एम्स रायपुर पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान गोदने के आधार पर
पुलिस ने शव की पहचान मंदीप सिंह के रूप में की है। उसके हाथ की कलाई में बने गोदना (टैटू) के आधार पर उसकी शिनाख्त हुई।
आरोपी फरार नहीं, पकड़े गए
जांच में पता चला कि कार हीरापुर निवासी संतोष मिश्रा की है। पुलिस ने कार मालिक संतोष मिश्रा (44) और कबीरनगर की साधना अग्रवाल उर्फ भूरी (19) को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
इंजेक्शन से ड्रग्स लेने के दौरान बिगड़ी तबीयत
आरोपियों ने बताया कि मृतक मंदीप सिंह उनके साथ ड्रग्स ले रहा था। वह इंजेक्शन के माध्यम से नस में नशे का इंजेक्शन ले रहा था, तभी उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। घबराहट में उन्होंने उसे कार से धक्का दे दिया और फरार हो गए।
पुलिस के कब्जे में आरोपी और वाहन
फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में हैं और वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। थाना कबीर नगर पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मृतक का पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।
पुलिस की अपील: नशे से दूर रहें, समाज और युवाओं के लिए खतरनाक है ये लत। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने में दें।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
