October 19, 2026

साजबहार नदी किनारे मिली महिला और दो बच्चों की लाशें, नशे में हत्या कबूलने वाले प्रमोद की तलाश में पुलिस

0
3620230620251441052423.webp


जशपुर ।  जिले के तपकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत साजबहार (उतियाल नदी) के किनारे एक महिला और दो बच्चों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह मामला तब उजागर हुआ जब एक व्यक्ति प्रमोद गिद्धी ने शराब के नशे में ग्रामीणों के सामने हत्या कर शवों को दफनाने की बात स्वीकार की। सूचना मिलते ही तपकरा पुलिस मौके पर पहुंची और रेत हटाकर तीनों शव बरामद किए।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में एक महिला (उम्र लगभग 36 वर्ष), एक बालक (उम्र लगभग 6 वर्ष) और एक बालिका (उम्र लगभग 11 वर्ष) शामिल हैं। शवों की पहचान परिजनों और ग्रामवासियों ने कर ली है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। संदेही प्रमोद गिद्धी घटना के बाद से फरार है, जिसे मुख्य आरोपी माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गहन जांच कर रही है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

फिलहाल क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस टीम लगातार छानबीन में जुटी हुई है और संदेही की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed