October 19, 2026

तेज रफ्तार बस पलटी, बड़ा हादसा टला – 90 यात्रियों से भरी थी बस, एक घायल

0
22772106202513571911.webp


जगदलपुर । राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बस्तर जिले के घोड़ा गांव के जंगल के पास तेज रफ्तार बस के पलट जाने से अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।

जानकारी के अनुसार, महिंद्रा ट्रेवल्स की एक यात्री बस करीब 90 यात्रियों को लेकर जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान घोड़ा गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बस चालक ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार में संतुलन खो बैठा। अनियंत्रित बस सड़क से फिसलकर नीचे पलट गई।

हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे पुलिस और राहत दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। बस में सवार एक यात्री की पीठ में फ्रैक्चर बताया गया है, जबकि कुछ अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed