अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: ‘‘योग संगम, हरित योग’’ थीम पर योगाभ्यास आयोजित
मुंगेली । अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित आदर्श कृषि उपज मंडी परिसर में ‘‘योग संगम, हरित योग’’ की थीम पर जिला स्तरीय योगाभ्यास का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव एवं श्रीमती मेनका प्रधान, मुंगेली एसडीएम श्रीमती पार्वती पटेल, नगर पालिका मुंगेली के अध्यक्ष रोहित शुक्ला, उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा सहित जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, वरिष्ठजन, पत्रकारगण और बड़ी संख्या में लोगों ने एक साथ सामूहिक रूप से योग के विभिन्न आसनों में योगाभ्यास किया। योगाचार्य विवेक केशरवानी एवं पुरुषोत्तम जायसवाल द्वारा प्राणायाम सहित योग की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि मैं आप सभी को योग दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। आज की भाग दौड़ भरी जिंदगी में स्वस्थ तन और मन के लिए योग बहुत जरूरी है। योग से ही स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन संभव है। आज पूरा देश योग की दिशा में प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रहा है। आप स्वस्थ और प्रसन्न रहने, शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत करने योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। मुंगेली विधायक श्री मोहले ने कहा कि योग करने से हमे शांति और आत्मसंतुष्टि मिलती है और हम विभिन्न रोग एवं विकारों से दूर रहते है। उन्होंने योग दिवस पर भव्य कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया।
कलेक्टर ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में आज योग स्वस्थ भारत की दिशा में एक नई क्रांति लाया है। उन्होंने योग के महत्व को बताते हुए बच्चों एवं बड़ों को योग करने प्रेरित किया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पांडेय ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन में योग प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र,छात्राएं और आमजन मौजूद रहे।
*‘‘एक पेड़ मां के नाम’’ किया गया पौधरोपण*
सामूहिक योगाभ्यास के उपरांत उपज मंडी परिसर में ‘‘एक पेड़ मॉ के नाम’’ के तहत पौधारोपण किया गया। ‘‘जल, वन, जन एक प्राकृतिक प्रबंधन’’ की थीम पर उप मुख्यमंत्री श्री साव श्री साव ने बहेरा के पौधे का रोपण किया और पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण को एक अभिनव पहल बताया और आमजनों को अधिक से अधिक पौधे लगाने प्रेरित किया। विधायक मोहले ने पीपल, जिला पंचायत अध्यक्ष ने बहेरा, कलेक्टर ने नीम, पुलिस अधीक्षक ने करंज, जिला पंचायत सीईओ ने आम और अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण कर आमजनों को ‘‘एक पेड़ मॉ के नाम’’ के तहत पौधे लगाने प्रोत्साहित किया।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
