धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत छपरवा में लगा जनसमस्या निवारण शिविर
मुंगेली । जनजातीय समुदाय के समग्र विकास को लेकर केंद्र और राज्य शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप “धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान” के अंतर्गत जिले के सुदूर वनांचल ग्राम छपरवा में शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने चौपाल लगाकर बैगा आदिवासियों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न विभागों को त्वरित समाधान हेतु निर्देश दिए। शिविर में कलेक्टर ने ग्रामीणों से पेयजल, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधार, राशन, पेंशन, वनाधिकार पट्टा, शौचालय, आवास सहित लगभग 25 कल्याणकारी योजनाओं की जमीनी जानकारी ली और उनकी क्रियान्वयन की स्थिति जानी।
शिवतराई क्षेत्र में 24 घंटे 108 एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश
कलेक्टर ने पेयजल की समस्या को प्रमुखता से लेते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और बिजली व्यवस्था के लिए क्रेडा विभाग को शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को शिवतराई क्षेत्र में 24 घंटे 108 एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराने एवं एटीआर क्षेत्र के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में मौसमी बीमारियों एवं विषैले जीव-जंतुओं के काटने पर उपचार हेतु दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों को मितानिनों के साथ सतत संवाद बनाए रखने की अपील भी की। कलेक्टर ने बैगा आदिवासियों से एटीआर क्षेत्र से विस्थापन के संबंध में भी चर्चा करते हुए वन विभाग को संवेदनशीलता के साथ आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि एटीआर क्षेत्र की सभी स्कूलों में युक्तियुक्तकरण के तहत पर्याप्त शिक्षक पदस्थ कर दिए गए हैं। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने और मिशन 90 प्लस अभियान में छात्र-छात्राओं को स्थान दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही बैगा आदिवासियों को शासन की योजनाओं से जागरूक करने रेडियो भी उपलब्ध कराने की बात कही।
एसपी ने बाल विवाह से बचाव एवं शिक्षा और नशामुक्ति के लिए किया जागरूक
पुलिस अधीक्षक ने बैगा समुदाय को मच्छरदानी का नियमित उपयोग, जमीन पर न सोने, जूते-चप्पल झाड़कर पहनने, बाल विवाह से बचाव एवं शिक्षा और नशामुक्ति जैसे विषयों पर जागरूक किया। कलेक्टर-एसपी ने आदिवासी बैगाओं के बच्चों को दुलार भी किया और टाफियां प्रदान कर शुभाशीष दिया। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में हितग्राहियों को आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और पीएम विश्वकर्मा योजना का लाभ प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय, एसडीएम लोरमी अजीत पुजारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं सैकड़ों की संख्या में बैगा आदिवासी उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
