उर्वरकों, खाद, बीज के लिए कांग्रेस करेगी आंदोलन 25 जून से 30 जून तक सोसायटी दफ्तरों में होगा प्रदर्शन
रायपुर । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि खाद, बीज, उर्वरक विशेषकर डी.ए.पी. और एनपीके की कमी पूरे प्रदेश में संकट है, सरकार ध्यान नहीं दे रही। सरकार जमीनी हकीकत से मुंह मोड़ रही है, न समय पर खाद की रेक की व्यवस्था कर पाये, न सोसायटियों में भण्डारण की व्यवस्था हुई, खरीफ की बोनी का समय आ चुका है, किसानों न खाद मिल रहा है, न बीज। किसान परेशान है। किसानों की परेशानी को देखते हुए कांग्रेस प्रदेश की सभी सोसायटियों में उर्वरकों और बीज की मांग को लेकर प्रदर्शन करेगी। यह प्रदेश में 25 से 30 जून तक चलेगा। उसके बाद भी स्थिति नहीं सुधरेगी तो कलेक्टर कार्यालय में प्रदर्शन करेंगे।
कमीशनखोरी के लिए चरण पादुका बांट रही
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कमीशनखोरी के लिए चरण पादुका पहले भी रमन सरकार में बांट रहे थे तब किसी को एक पैर में 6 नंबर, एक पैर में 8 नंबर का चप्पल देते थे। केवल कमीशनखोरी के लालच में गुणवत्ताहीन जूता-चप्पल खपाने का षड़यंत्र रचा गया है। हमने नगद देना शुरू किया था, भाजपा की सरकार आने के बाद जनता की गाढ़ी कमाई कमीशनखोरी की भेट चढ़ाना फिर से शुरू कर दिया है। तेंदूपत्ता संग्रहण की मात्रा कम कर दी गयी, संग्राहको का बीमा योजना दुर्भावनापूर्वक बंद कर दिये, बोनस का पैसा बकाया है लेकिन जनता की गाढ़ी कमाई का 40 करोड़ कमीशनखोरी के लालच में चरण पादुका के नाम पर फूंका जा रहा है। वनोपज संग्राहकों को उनके हक और अधिकार का पैसा चाहिए। गुणवत्ताहीन जूते-चप्पल उनके किसी काम का नहीं।
प्रदेश में सरकार के संरक्षण में रेत माफिया हावी है
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि समोदा, आरंग, महासमुंद, गरियाबंद, धमतरी, कुरूद, राजनांदगांव सहित प्रदेश में रेत माफिया का आतंक दिनों दिन बढ़ते जा रहा, गोली मार रहे, खनिज विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों को रेत तस्कर के गुर्गे दौड़ा कर मार रहे है, शिकायत करने वालों को खंभे से बांधकर पीट रहे, पुलिस आरक्षक को ट्रैक्टर से कुचल कर मार रहे, पत्रकारों को पीट रहे, अब तो धमतरी में उत्खन्न रोकने गई सरकारी जेसीबी के ड्राईवर को चाकू मार दिया गया। बिना सरकार के संरक्षण के पूरे प्रदेश में इस प्रकार की घटनाएं नहीं घट सकती है। शासन में बैठे सत्तारूढ़ दल के नेता खनन माफिया को संरक्षण दे रहे है।
सरकार शराब की काली कमाई में लगी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पूरे प्रदेश में अवैध शराब बिक रही, ओवर रेट पर शराब बिक रही, पूरी सरकार शराब की काली कमाई में लगी है। नकली होलोग्राम लगाकर सरकारी दुकान में मिलावटी शराब बेची जा रही है। दूसरे प्रदेशों से बड़ी मात्रा में नकली शराब छत्तीसगढ़ में खपाई जा रही है। कोचियों और तस्करों को ओवर रेट पर शराब की पेटियां घर पहुंचा कर दी जा रही है। किराना दुकान, पान ठेलों में शराब बेची जा रही। यह भी चर्चा है कि सत्ता के संरक्षण में महिलाओं को दो पैग का ऑफर भी चलाया जा रहा है। असल मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए छत्तीसगढ़ की जनता को नशे के गर्त में डूबाने का षड़यंत्र रचा गया है, ताकि जनता शिक्षा, स्वास्थ्य, महंगाई और रोजगार को लेकर प्रश्न न पूछे।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
