समूह की दीदियां ले रही रानी मिस्त्री का प्रशिक्षण
बिलासपुर । महिलाएं आज सभी क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी है। जिले में एनआरएलएम के तहत समूह की दीदियों को सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में उन्हें रानी मिस्त्री का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब इन महिलाओं ने पुरूषों के वर्चस्व वाले राज मिस्त्री के काम में दक्षता हासिल कर ली है। अब ईंट, बालू और गिट्टी ढोने का काम छोड़कर मिस्त्री का काम शुरू किया है। इन महिलाओं को रानी मिस्त्री के नाम से बुलाया जा रहा है। जिले की 37 महिलाओं को रानी मिस्त्री प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाने में इनकी अहम भूमिका देखी जा रही है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाने का काम भी ये दीदियां कर रही है। सधे हुए हाथों से जब वे ईंट गारो से दीवारों की जुड़ाई करती है तो लोग दंग रह जाते है। इसके अतिरिक्त आवास निर्माण में सेंटरिंग प्लेट की कमी को पूरा करने हेतु समूह की महिलाओं द्वारा सेंटरिंग प्लेट की उपलब्धता भी कराई जा रही है। प्रदेश में बिलासपुर जिले द्वारा सर्वप्रथम एनआरएलएम के माध्यम से स्व-सहायता समूह की महिलाओं को राज मिस्त्री का प्रशिक्षण प्रदान करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत बनने वाले आवासों के निर्माण कार्य में रोजगार प्रदाय किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत जिला बिलासपुर में वित्तीय वर्ष 2024-25 में सर्वाधिक आवासों की स्वीकृति की गई है। वृहद् लक्ष्य होने के कारण पंचायतों में आवास निर्माण में कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा था जिसका मुख्य कारण ग्राम पंचायतों में प्रशिक्षित राजमिस्त्रियों की कमी थी। समस्या का ध्यान में रखते हुए जिला बिलासपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत में इच्छुक पुरूष एवं महिलाओं को राजमिस्त्री प्रशिक्षण का कार्य संपादन कराया जा रहा है। जिसमें सबसे अधिक संख्या में सहभागिता महिलाओं की रही। स्व-सहायता समूह की सक्रिय महिलाएं न केवल राजमिस्त्री प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वलम्बी बन रही है, साथ ही साथ प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के निर्माणाधीन आवासों को पूर्ण कराने में अपनी भागीदारी देते हुए पूरे प्रदेश में इस महात्वपूर्ण योजना का हिस्सा बनते हुए सम्मान प्राप्त कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने एवं आवास में पर्याप्त संख्या में राजमिस्त्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न माध्यमों से राजमिस्त्री प्रशिक्षण का कार्य कराया जा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
