जल संरक्षण हेतु श्रमदान से किया गया बोरी बंधान कार्य
मुंगेली । शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जल संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में जिले में प्रभावी पहल की जा रही है। “मोर गांव मोर पानी” महाअभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत मुंगेली क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में दिवार लेखन, जनजागरूकता रैली और जल सरंक्षण की शपथ के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है। अभियान के तहत मनरेगा अंतर्गत सैंड फिल्टर रिचार्ज पिट एवं जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पानी टंकियों के समीप रिचार्ज पिट निर्माण कार्य भी जारी है। इसके साथ ही, ग्राम पंचायतों में बहने वाले नालों में सामूहिक श्रमदान के माध्यम से बोरी बंधान जैसे परंपरागत उपायों को अपनाया जा रहा है, जिससे जल संग्रहण और भूजल पुनर्भरण को बढ़ावा मिल रहा है।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत झझपुरीखुर्द के रहन नाला में स्थानीय ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान कर बोरी बंधान कार्य किया। ग्रामीणों के सहयोग और भागीदारी से नाले के जल प्रवाह को नियंत्रित कर वर्षा जल के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किया गया है। जनपद पंचायत मुंगेली क्षेत्र में अन्य 52 स्थलों पर भी इस प्रकार के श्रमदान कर बोरी बंधान कार्य किया गया है, जिससे गांवों में जल संचयन की स्थायी व्यवस्था बन रही है। इस जनभागीदारी से न केवल जल स्तर में सुधार होगा, बल्कि ग्रामीणों में पर्यावरण संरक्षण की भावना भी मजबूत होगी।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
