जनदर्शन: कलेक्टर ने दी हायर सेकेण्डरी स्कूल में अतिरिक्त भवन निर्माण और पेयजल हेतु बोरवेल की स्वीकृति
मुंगेली । जिला कलेक्टोरेट में जनदर्शन का आयोजन किया गया। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आमलोगों से रूबरू होकर उनकी मांगों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया और कई आवेदनों का नियमानुसार निराकरण के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए। जनदर्शन में कुल 171 आवेदन प्राप्त हुए। ग्राम पंचायत बिरगॉव के सरपंच व ग्रामीणों ने गॉव में संचालित शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या अत्यधिक होने के कारण अतिरिक्त भवन निर्माण और स्कूल परिसर में पेयजल हेतु बोरवेल की मांग की। कलेक्टर ने उनकी मांग पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए स्कूल में अतिरिक्त भवन और बोरवेल की तत्काल स्वीकृति प्रदान की।
जनदर्शन में लोरमी विकासखण्ड के ग्राम कोदवामहंत के भानूराम जायसवाल ने अपनी पुस्तैनी जमीन का फौती उठाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर कलेक्टर ने तहसीलदार को मौके पर ही आवेदन के निराकरण के निर्देश दिए। इसी तरह मुंगेली विकासखण्ड के ग्राम सुखाताल के विजय कुमार ने राजस्व अभिलेख दुरूस्त कराने, परमहंस वार्ड मुंगेली के नागरिकों ने आवासीय पट्टा प्रदान करने, ग्राम जमकोर की सुनीता ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, ग्राम खम्हरिया के दिनेश जाटवर ने निजी भूमि से विद्युत पोल को हटाने सहित अन्य आवेदकों ने अपनी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर गंभीरता के साथ विचार करते हुए नियमानुसार निराकरण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने विभाग से संबंधित प्रकरणों पर सुनवाई की और आवेदनों का नियमानुसार कार्यवाही के लिए आवेदकों को आश्वासन दिया। इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव एवं श्रीमती मेनका प्रधान, मुंगेली एसडीएम श्रीमती पार्वती पटेल, पथरिया एसडीएम अजय शतरंज सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
