दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ आंदोलन में शामिल हुए मुंगेली नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली पहुंचकर बुलंद की लोकतंत्र की आवाज
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में आयोजित विशाल जन आंदोलन में मुंगेली जिले के जनप्रतिनिधियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिखाई एकजुटता, वरिष्ठ नेताओं से रोहित शुक्ला ने की आत्मीय मुलाकात
मुंगेली। देश की राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में 1 नवम्बर को कांग्रेस एवं INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों द्वारा आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ विशाल जन मार्च एवं विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए मुंगेली नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला अपने समर्थकों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली पहुंचे। वे बिलासपुर से ट्रेन के माध्यम से दिल्ली पहुंचे, जहां उनके साथ मुंगेली जिले के अनेक जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता भी इस आंदोलन में शामिल हुए। दिल्ली में आयोजित इस बड़े राजनीतिक कार्यक्रम को लेकर मुंगेली जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह और जोश देखने को मिला।
दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में देशभर के विभिन्न राज्यों से हजारों की संख्या में कांग्रेस नेता, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। आंदोलन के माध्यम से कांग्रेस ने लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार एवं निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
इस विशाल जन आंदोलन में छत्तीसगढ़ प्रदेश से भी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के मार्गदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे। वहीं मुंगेली जिले से भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी निभाई। नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने अपने समर्थकों और जिले के कांग्रेसजनों के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति अपनी एकजुटता प्रदर्शित की। इस दौरान उन्होंने देश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से भी आत्मीय मुलाकात की और आंदोलन में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला के साथ जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मीकांत भास्कर, देवेंद्र वैष्णव, स्वतंत्र तिवारी, , पप्पू शर्मा, आरिफ खोखर, नीरज यादव, राजेश छेदइया, जलेश यादव, योगेश्वर मार्को, नागेश गुप्ता सहित मुंगेली जिले के अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
रोहित शुक्ला ने कहा—लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा
नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने आंदोलन को लेकर कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे बड़ी ताकत है और इसी ताकत के आधार पर देश की सरकार चुनी जाती है। यदि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाताओं के अधिकारों पर सवाल खड़े होते हैं, तो यह पूरे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। कांग्रेस पार्टी का ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ आंदोलन लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के मताधिकार की रक्षा के संकल्प का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एवं मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी देशभर में जनता की आवाज को बुलंद कर रही है। आज देश के युवाओं, किसानों, गरीबों और आम नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य को लेकर दिल्ली के रामलीला मैदान में देशभर से कांग्रेसजन एकजुट हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुंगेली जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी इस आंदोलन को लेकर जबरदस्त उत्साह है और पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिए पूरी मजबूती के साथ खड़ा है।






The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
