मुंगेली जिला चिकित्सालय में कपिंग थेरेपी का कमाल, दूर हुआ अविनाश का पुराना दर्द
फिजियोथेरेपी उपचार, नियमित व्यायाम और चिकित्सकीय मार्गदर्शन से दैनिक गतिविधियों में आया सुधार
मुंगेली, लंबे समय से दर्द और मांसपेशियों में जकड़न की समस्या से परेशान जरहागांव निवासी अविनाश कुमार के लिए जिला चिकित्सालय का फिजियोथेरेपी विभाग राहत और उम्मीद का माध्यम बना है। लगातार दर्द के कारण उनकी सामान्य दिनचर्या प्रभावित हो रही थी। सीएमएचओ राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि अविनाश की स्थिति को देखते हुए उपचार की योजना तैयार की गई। इसी उपचार के तहत आवश्यकतानुसार कपिंग थेरेपी को फिजियोथेरेपी कार्यक्रम में शामिल किया गया। कपिंग थेरेपी के साथ अविनाश को उपयुक्त चिकित्सकीय व्यायाम एवं अन्य फिजियोथेरेपी तकनीकों की सलाह दी गई। उपचार के बाद उन्होंने दर्द एवं मांसपेशियों की जकड़न में राहत महसूस होने की जानकारी दी। इसके साथ ही रोजमर्रा की गतिविधियों को करने में भी उन्हें पहले की तुलना में सहजता महसूस होने लगी।
फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. उत्कर्ष पाठक ने बताया कि लंबे समय से दर्द की समस्या से जूझ रहे प्रत्येक मरीज के लिए उपचार उसकी स्थिति, दर्द के संभावित कारण और शारीरिक क्षमता के आधार पर निर्धारित किया जाना चाहिए। कपिंग थेरेपी कुछ मरीजों में दर्द एवं मांसपेशियों की जकड़न से अल्पकालिक राहत देने में सहायक हो सकती है, लेकिन इसे मरीज की संपूर्ण फिजियोथेरेपी योजना के हिस्से के रूप में ही देखा जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि अविनाश को उपचार के साथ नियमित व्यायाम, सही शारीरिक मुद्रा और दैनिक गतिविधियों के दौरान आवश्यक सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई। फिजियोथेरेपी का उद्देश्य केवल तत्काल राहत तक सीमित नहीं है, बल्कि मरीज की कार्य क्षमता में सुधार और दैनिक जीवन की गतिविधियों को अधिक सहज बनाने पर भी ध्यान दिया जाता है।
अविनाश ने बताया कि लंबे समय तक दर्द की परेशानी झेलने के बाद उपचार से राहत महसूस होना उनके लिए सकारात्मक अनुभव है। उन्होंने चिकित्सकीय सलाह के अनुसार नियमित व्यायाम और फिजियोथेरेपी जारी रखने की बात कही। जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि समय पर फिजियोथेरेपी उपचार शुरू करने से मरीजों की परेशानी को बढ़ने से रोकने और शारीरिक कार्यक्षमता को बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से दर्द या मांसपेशियों से संबंधित समस्या होने पर विशेषज्ञ की सलाह लेकर उचित उपचार एवं व्यायाम को अपनाना चाहिए।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
