शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण और नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपी पत्नी सहित दिल्ली से गिरफ्तार
बिलासपुर, । तोरवा पुलिस ने शादी का झांसा देकर महिला का दैहिक शोषण करने और नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये के जेवर व नगदी ठगने के आरोप में फरार आरोपी को उसकी पत्नी सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को बल्लभगढ़, हरियाणा से गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, कोरबा निवासी पीडि़ता ने 9 मार्च 2026 को थाना तोरवा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीडि़ता की पहचान सोशल मीडिया मैट्रिमोनियल साइट ‘शादी डॉट कॉमÓ के माध्यम से पामगढ़, जांजगीर-चांपा निवासी पवन कुमार यादव से हुई थी।
आरोप है कि पवन यादव ने खुद को अविवाहित बताकर पीडि़ता को विश्वास में लिया और शादी का आश्वासन देकर उसके साथ दैहिक शोषण किया। इसके बाद नौकरी लगाने का झांसा देकर उससे नगदी और सोने-चांदी के जेवर हासिल किए। पुलिस के मुताबिक, ठगी गई संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 12 से 13 लाख रुपये है।
वारदात के बाद पत्नी के साथ फरार हुआ आरोपी
मामला दर्ज होने के बाद आरोपी अपने ठिकाने से फरार हो गया और अपनी पत्नी के साथ लगातार स्थान बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास करता रहा। तोरवा पुलिस ने आरोपी की तलाश में पामगढ़ और सरकंडा, बिलासपुर स्थित उसके ससुराल सहित कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला और कोई ठोस सुराग नहीं मिल पा रहा था।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
पत्नी के बैंक खाते से मिला अहम सुराग
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के मोबाइल नंबर और विभिन्न बैंक खातों की जानकारी का विश्लेषण शुरू किया। जांच में आरोपी के अधिकांश बैंक खाते बंद पाए गए, जबकि उसकी पत्नी नवीता यादव के एक बैंक खाते में लेन-देन जारी मिला।
बैंक खाते के ट्रांजेक्शन की जांच करने पर बल्लभगढ़, हरियाणा क्षेत्र में राशि निकाले जाने की जानकारी सामने आई। इस सुराग के आधार पर पुलिस टीम को दिल्ली-हरियाणा क्षेत्र रवाना किया गया।
जांच के दौरान आरोपी द्वारा जिस च्वाइस सेंटर से राशि निकाली गई थी, उससे जुड़े सुरागों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस टीम आरोपी दंपत्ति तक पहुंच गई।
बल्लभगढ़ से दोनों गिरफ्तार
तोरवा पुलिस ने लगातार पतासाजी के बाद पवन कुमार यादव (34) और उसकी पत्नी नवीता यादव (30) को बल्लभगढ़, हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। दोनों को बिलासपुर लाया गया और 9 अगस्त 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
* पवन कुमार यादव (34 वर्ष), पिता स्व. शंकरलाल यादव, निवासी ग्राम डुडंगा, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा।
* नवीता यादव (30 वर्ष), पति पवन कुमार यादव, निवासी ग्राम डुडंगा, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 138/2026 के तहत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। पुलिस की लगातार तकनीकी निगरानी और बैंक ट्रांजेक्शन के विश्लेषण से फरार आरोपी दंपत्ति तक पहुंचने में सफलता मिली।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
