सूदखोरी के जाल में फंसा व्यापारी, कलेक्टर जनदर्शन और एसपी कार्यालय पहुंची शिकायत
12 लाख के कर्ज के बदले 80 लाख वसूली का आरोप, जान से मारने और बच्ची को उठाने की धमकी देने की शिकायत
मुंगेली। जिले में अवैध सूदखोरी और कथित रूप से ब्याज के नाम पर प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय व्यापारी कैलाश रूपवानी ने सिंधी कॉलोनी निवासी किशोर नारवानी पर लाखों रुपये की अवैध वसूली, मानसिक प्रताड़ना, जान से मारने की धमकी तथा परिवार को भयभीत करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की शिकायत कलेक्टर जनदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दर्ज कराते हुए पीड़ित ने सुरक्षा और न्याय की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोल बाजार मुंगेली निवासी कैलाश रूपवानी ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन प्रस्तुत कर बताया है कि उन्होंने व्यापारिक जरूरतों एवं अपने पिता के इलाज के लिए किशोर नारवानी से अलग-अलग समय में लगभग 12 लाख रुपये उधार लिए थे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मूलधन एवं ब्याज के रूप में अब तक लगभग 70 से 80 लाख रुपये का भुगतान किए जाने के बावजूद आरोपी द्वारा लगातार और अधिक राशि की मांग की जा रही है।
कोरे चेक लेकर दबाव बनाने का आरोप
पीड़ित ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि कर्ज देने के दौरान आरोपी द्वारा सुरक्षा के नाम पर कई हस्ताक्षरित कोरे चेक लिए गए थे। आरोप है कि अब उन्हीं चेकों का उपयोग कर झूठे प्रकरण दर्ज कराने और चेक बाउंस के मामलों में फंसाने की धमकी देकर दबाव बनाया जा रहा है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी और उसके सहयोगी समय-समय पर दुकान में पहुंचकर अभद्र व्यवहार करते हैं तथा लगातार मानसिक दबाव बनाते हैं। इससे पूरा परिवार भय और तनाव के माहौल में जीवनयापन करने को मजबूर है।
दुकान पर कब्जे और परिवार को धमकी का आरोप
कैलाश रूपवानी ने आरोप लगाया है कि किशोर नारवानी द्वारा उनकी अनाज दुकान पर कब्जा करने की धमकी दी गई है। इतना ही नहीं, शिकायत में उनकी पांच वर्षीय पुत्री को नुकसान पहुंचाने और परिवार को जान से मारने जैसी धमकियां दिए जाने का भी उल्लेख किया गया है।
पीड़ित का कहना है कि लगातार दबाव और धमकियों के कारण उन्हें विभिन्न वित्तीय संस्थाओं से ऋण लेना पड़ा। बजाज फाइनेंस, चोला मण्डलम जैसी कंपनियों से कर्ज लेने के साथ-साथ उन्होंने सोना गिरवी रखकर गोल्ड लोन भी लिया, ताकि आरोपी की मांगों को पूरा किया जा सके।
परिवार पर पड़ा गहरा असर
शिकायत पत्र में बताया गया है कि लगातार प्रताड़ना और भय के माहौल का असर उनके पारिवारिक जीवन पर भी पड़ा है। पीड़ित के अनुसार उनकी पत्नी, जो हाल ही में ऑपरेशन के माध्यम से बच्चे को जन्म दे चुकी हैं, मानसिक तनाव के कारण नवजात शिशु को लेकर मायके चली गई हैं।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि पूरा परिवार भय और असुरक्षा की स्थिति में जी रहा है। पीड़ित ने प्रशासन को बताया है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कोई गंभीर और अप्रिय घटना घट सकती है।
प्रशासन से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग
कैलाश रूपवानी ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन में आरोपी के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। साथ ही स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध भी किया है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में उनके या उनके परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई अप्रिय घटना घटती है, तो उसकी जिम्मेदारी आरोपी पक्ष की होगी।
अब पुलिस जांच पर टिकी निगाहें
मामला कलेक्टर जनदर्शन में दर्ज होने के बाद प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर इसकी जांच की संभावना बढ़ गई है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक आरोपी पक्ष का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था। ऐसे में शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो अवैध सूदखोरी और आर्थिक शोषण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई कई अन्य पीड़ितों के लिए भी राहत का कारण बन सकती है।

The News Related To The News Engaged In The Hasdeo Pravah Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
