October 19, 2026

नल तोड़ने के विवाद में मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी, चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज जरहागांव थाना क्षेत्र के वीरगांव में हुई घटना, पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर शुरू की जांच

0
IMG_20260615_201041



मुंगेली। जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम वीरगांव में सार्वजनिक नल तोड़ने के विवाद को लेकर हुए झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक व्यक्ति के साथ कथित रूप से मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर जरहागांव पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम वीरगांव निवासी संतोष महिलांग ने थाना जरहागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 14 जून की रात गांव के चौक के पास नल तोड़ने की बात को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ। शिकायतकर्ता के अनुसार गांव में चल रही चर्चा के दौरान उसने कुछ लोगों को गाली-गलौज करने से मना किया, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ज्योति साहू, दीपक साहू, गोरीशंकर साहू तथा उनके साथ मौजूद अन्य लोगों ने एकजुट होकर शिकायतकर्ता के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोपियों ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए लाठी, डंडे और हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना में शिकायतकर्ता के सिर, हाथ और पैर में चोट लगने की बात कही गई है। पीड़ित ने बताया कि घटना के दौरान आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की सहायता से घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जरहागांव पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर क्रमांक 95/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 296, 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है तथा आरोपियों के संबंध में आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्र में मामूली विवाद के हिंसक रूप लेने की इस घटना ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है। पुलिस ने लोगों से आपसी विवादों को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने और कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed