October 19, 2026

ट्रक में सड़ गई ड्राइवर की लाश, तीन दिन से लापता था, जीपीएस से मिला लोकेशन

0
IMG_20260522_120828_701.webp


बिलासपुर के चकरभाठा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे किनारे खड़े एक ट्रक से ड्राइवर की सड़ी-गली लाश मिलने से सनसनी फैल गई। शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि मौत करीब दो से तीन दिन पहले हुई है। मामले में पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक चकरभाठा थाना क्षेत्र में मूढ़ीपार टोल प्लाजा से करीब दो किलोमीटर आगे एनएच किनारे खड़े ट्रेलर ट्रक क्रमांक MH 40 M 7746 में  उसके चालक बृजेश गिरी की लाश मिली। मृतक उत्तर प्रदेश के वाराणसी का रहने वाला था और महाराष्ट्र की गाड़ियां चलाने का काम करता था। बताया गया कि वह 18 मई को मंदिर हसौद से सेंदरी बिलासपुर के लिए ट्रक लेकर निकला था, लेकिन इसके बाद से उसका मोबाइल बंद आ रहा था और उससे संपर्क नहीं हो पा रहा था।
शक होने पर ट्रक मालिक सत्यनारायण सोनवानी ने जीपीएस के जरिए ट्रक की लोकेशन ट्रेस की और अपने लोगों को मौके पर भेजा। जब लोग वहां पहुंचे तो ट्रक से तेज बदबू आ रही थी। ट्रक की जांच करने पर चालक का शव अंदर सड़ी-गली हालत में मिला। शव में कीड़े पड़ चुके थे, जिससे माना जा रहा है कि मौत कई दिन पहले हो चुकी थी। सूचना मिलने के बाद चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को ट्रक के अंदर मृतक का मोबाइल फोन और आधी भरी शराब की बोतल मिली है। वहीं ट्रक का डीजल टैंक खुला मिला और डीजल गायब बताया जा रहा है। ऐसे में डीजल चोरी के दौरान किसी अनहोनी की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं चालक की मौत भीषण गर्मी, लू या शराब के नशे की वजह से तो नहीं हुई।
मृतक के पिता जयप्रकाश गिरी ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद जाँच की दिशा तय होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed